विजय मालवी, बड़ी खट्‌टाली

जिला आलीराजपुर अनाज व्यापारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भोपाल में कृषि कैबिनेट मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और मंडी बोर्ड के एमडी कुमार पुरुषोत्तम से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंडी में फार्म गेट से नकद भुगतान पुनः चालू करने के आदेश जारी होने पर कृषि मंत्री और एमडी का आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री और मंडी बोर्ड के एमडी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पूरे प्रदेश में कृषि व्यवसाय के लिए ‘एक लाइसेंस’ की नीति लागू की जाए, ताकि व्यापारी बिना किसी बाधा के राज्य भर में व्यापार कर सकें। इस पर कृषि मंत्री कंसाना ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की इस महत्वपूर्ण मांग का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में मंडी बोर्ड एमडी को तत्काल आवश्यक निर्देश भी दिए। वहीं, एमडी कुमार पुरुषोत्तम ने भी इस दिशा में प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान एमडी कुमार पुरुषोत्तम ने व्यापारियों को अवगत कराया कि मंडी के भौतिक लेखा सत्यापन का नया फॉर्मेट तैयार किया जा रहा है, जिसे अगले सप्ताह से सुचारू रूप से लागू कर दिया जाएगा। व्यापारी संघ ने कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से व्यापारियों एवं कृषकों की नकद भुगतान संबंधी बड़ी समस्या हल हो चुकी है। इसके आदेश जारी होने से पूरे प्रदेश के व्यापारियों में हर्षोल्लास का माहौल है। अनाज व्यापारी संघ के संरक्षक रमेश मेहता (खट्टाली) ने बताया कि भोपाल गए इस प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ संघ के जिलाध्यक्ष राजेश चौधरी, सचिव ओमप्रकाश राठौर और सह-सचिव राहुल पंजाबी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *