झाबुआ। जिले मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर ग्राम कुंडला में संत अंटोनी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गुरुवार दोपहर 2 बजे जलमाता मरियम ग्रोटो से ढोल के साथ नृत्य करते हुए जुलूस निकाला गया। जुलूस चर्च प्रांगण पहुंचा जहां मिस्सा पूजा प्रारम्भ हुई। मिस्सा पूजा समारोह के मुख्य याजक व प्रवचक बिशप डॉ बसील भूरिया ने कहा कि संत अंटोनी अनेक चमत्कारों से जाने जाते हैं। उनकी मध्यस्थता द्वारा प्रार्थना करने से कई बीमारियों से चंगाई प्राप्त होती है। हमें आज हमारे विश्वास में दृढ़ और पवित्र वचन समझने के लिए तथा अच्छी वर्षा व भरपूर फसल मिले इसके लिए विशेष प्रार्थना करनी चाहिए। मिस्सा पूजा में बिशप डॉ बसील भूरिया, झाबुआ के विकार जनरल फादर पीटर खराड़ी, झाबुआ के डीन तथा पल्लीपुरोहित फादर प्रताप बारिया, थांदला के डीन फादर जेरोम तिर्की, झाबुआ डायसिस के सचिव फादर सिल्वेस्टर मेडा के साथ 30 पुरोहितों ने भाग लिया। समारोह में कुल 403 मिस्साएं अर्पित की गई। चर्च के पल्लीपुरोहित फादर लॉरेन्स ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। समारोह को सफल बनाने में पल्लीपरिषद के सदस्यों युवा संघ माता मरियम संघ बालक येशु संघ संत जोसेफ संघ तथा कान्वेंट सिस्टर्स ने सहयोग किया। संगीत दल के पास्कल भूरिया ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन फादर माइकल मकवाना ने किया। आभार पल्ली सचिव पास्कल भुरिया ने माना।
फ़ोटो 1 मिस्सा पूजा में भाग लेते पुरोहित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *