गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक आधी भी नहीं हुई बारिश, अधिकांश खेतों में बुआई अधूरी, जहां हुई वहां भी फसल का अंकुरण नहीं हुआ
जितेंद्र वाणी, नानपुर
आलीराजपुर जिले में नानपुर सहित आस पास के इलाको में इस वर्ष कमजोर मानसून ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगभग 20 दिन की देरी से आए मानसून ने शुरुआती दो बारिश के बाद रफ्तार खो दी है। इसका सबसे अधिक असर आदिवासी अंचल के किसानों पर देखने को मिल रहा है। जिन किसानों ने बुआई कर दी है, उनकी फसल अंकुरित नहीं हो रही है, जबकि बड़ी संख्या में किसान अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
जिले में 1 जुलाई से वर्षा की शुरुआत हुई। कहीं 3 जुलाई तो कहीं 4 जुलाई को अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज बारिश से नदी-नालों में पानी बह निकला, लेकिन इसके बाद पिछले लगभग 15 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी खत्म होने लगी है। बाजारों में भी किसानों की आवाजाही कम होने से सन्नाटा पसरा हुआ है। आसमान में बादल और मौसम में नमी होने के बावजूद बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
