भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर

चंद्रशेखर आजाद नगर में शराब दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आबकारी अधिकारी शुक्ला मैडम एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

संगठन के लोगों ने बताया कि मंदिर के पास स्थित पूर्व विधायक की दुकान में शराब का व्यवसाय संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा अंधशाला के समीप भी शराब की बिक्री हो रही है। क्षेत्र में टंट्या मामा, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं पृथ्वी दादा की प्रतिमाएं भी स्थित हैं, जिनसे यह स्थान सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन सभी स्थलों की दूरी 500 मीटर के भीतर है, ऐसे में नियमों के विरुद्ध यहां शराब दुकान को अनुमति कैसे दी गई, यह एक बड़ा सवाल है।

इसके साथ ही ठेकेदारों पर आरोप लगाया गया कि शराब की बिक्री में भी अनियमितताएं हो रही हैं। दुकान पर लगी रेट लिस्ट बिना तारीख और बिना अधिकृत मुहर के पाई गई, वहीं बोतलों पर अंकित मूल्य और दुकानदार द्वारा वसूले जा रहे दाम में भी अंतर देखा गया।

इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं निकल सका। नाराज होकर समाज के लोग लंबे समय तक धरने पर बैठे रहे और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *