विजय मालवी, बड़ी खट्टाली पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खट्टाली के व्यावसायिक शिक्षा के प्रशिक्षणार्थियों ने शुक्रवार को जोबट पुलिस थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, कानून व्यवस्था की जानकारी देना और उन्हें महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना था। थाना भ्रमण के दौरान जोबट थाना प्रभारी विजय वास्कले एवं एसडीओपी रवींद्र राठी ने बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थापित ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क के कार्यों और महत्व के बारे में भी बताया। स्कूल के बच्चों को पुलिस स्टेशन के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन कराया गया। उन्हें एफआईआर दर्ज करने और अपराधों की जांच जैसी पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला। शैक्षणिक भ्रमण में पीएम श्री स्कूल के शिक्षक दौलत सिंह चौहान, नंदू बघेल, विजया जाधव एवं विभूति सिंह धाकरे उपस्थित रहे। Post navigation नवागत एसपी से मिलने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि, स्वागत कर क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया खट्टाली से मालवाई पहुंची माँ आराधना यात्रा, तेज बारिश में भी नहीं रुके भक्तों के कदम