आलीराजपुर। जिले की चांदपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई करते हुए एक सीमेंट कंटेनर से करोड़ों रुपये की अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से गुजरात के बड़ौदा तक अवैध शराब की खेप पहुंचा रहा था। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1,62,10,300 रुपये (एक करोड़ बासठ लाख दस हजार तीन सौ रुपये) का मशरूका जब्त किया है। आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. शक्ति सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यह सफलता 11 अक्टूबर 2026 को प्राप्त हुई। थाना चांदपुर पुलिस ने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान एक राजस्थान पासिंग सीमेंट कंटेनर (बलकर नंबर RJ 11 GB 3066) को रोका। जब इस भारी-भरकम वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसके अंदर अवैध शराब भरी हुई पाई गई। पुलिस ने कंटेनर से कुल 1426 पेटी अवैध शराब जब्त की है, जिसकी मात्रा 12,505 बल्क लीटर है। इस खेप में मुख्य रूप से रॉयल चैलेंज, ऑल सीजंस और सुपर जुबली व्हिस्की शामिल हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 92,10,300 रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट कंटेनर की कीमत करीब 70,00,000 रुपये है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने एक बड़े तस्करी रूट का खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि वह यह शराब पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के नरवाना से भरकर लाया था। पुलिस को चकमा देने के लिए यह खेप राजस्थान के जयपुर, दौसा, कोटा, चित्तौड़गढ़ और मध्य प्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, मांगोद, मनावर, कुक्षी होते हुए गुजरात के बड़ौदा ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक हेमाराम (उम्र 30 साल), पिता सगराराम जाट, निवासी ग्राम बामरला, तहसील सेड़वा, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अवैध शराब परिवहन का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस बड़ी और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदपुर उपनिरीक्षक दिलीप सिंह चंदेल, सहायक उपनिरीक्षक मधुराज कुशवाह, प्रधान आरक्षक 101 निलेश पाल, प्रधान आरक्षक 213 धर्मेन्द्र, प्रधान आरक्षक 45 गरवर सिंह, प्रधान आरक्षक 01 हेमराज, आरक्षक 469 दिनेश और आरक्षक 427 कलर सिंह का विशेष योगदान रहा। Post navigation विश्राम घाट सेवा समिति द्वारा संचालित मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण कार्य के लिए आमजन व संगठन स्वेच्छा से दे रहे दान