चिकित्सक दिवस पर राणापुर में विशाल रक्तदान शिविर: 67 यूनिट रक्त संग्रहित

0

कुंवर हर्षवर्धन सिंह परिहार, राणापुर

दिनांक 01 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के पावन अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राणापुर में माननीय कलेक्टर महोदय के निर्देशन में “जीवन धारा अभियान – रक्तदान, जीवनदान” के अंतर्गत एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस शिविर में विकासखंड राणापुर अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, नगर पालिका विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा नगर के समस्त समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं जनकल्याण के प्रति अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

इस अवसर पर कुल 67 रक्तदाताओं द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया। यह आयोजन माननीय कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें एसडीएम राणापुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी झाबुआ, तहसीलदार राणापुर, सीईओ राणापुर, सीएमओ राणापुर सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में नगर के मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की भी सक्रिय सहभागिता रही, जिनके सहयोग से आयोजन को व्यापक सफलता प्राप्त हुई।

इसी कार्यक्रम के अंतर्गत समाजसेवी श्रीमती यशस्वी नितेश शाह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राणापुर को पोस्टमार्टम हेतु लाए जाने वाले शवों के सुरक्षित रखरखाव हेतु एक डीप फ्रीजर दान किया गया, जो एक अत्यंत सराहनीय एवं समाजहितकारी योगदान है।

रक्तदान वास्तव में एक महादान है। हमारा छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, राणापुर डॉ. उषा गहलोत द्वारा माननीय कलेक्टर महोदय, एसडीएम महोदय, तहसीलदार महोदय, सीईओ महोदय, सीएमओ महोदय, मीडिया प्रतिनिधियों एवं समस्त सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.