शिक्षक सम्मान समारोह व रंगोली- गणेशजी स्पर्धा में पुरस्कार वितरण समारोह

May

झाबुआ लाइव के लिए पेटलावद से हरीश राठौड़ की रिपोर्ट-
भौतिक, सामाजिक तथा आध्यात्मिक गुणों से ओतप्रोत शिक्षकों द्वारा ही समाज में व्याप्त बुराईयों को समाप्त करके एक सुंदर, सभ्य एवं सुसंस्कारित समाज का निर्माण किया जा सकता है। उक्त बात विधायक निर्मला भूरिया ने कही। भूरिया ने लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल के तत्वाधान में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह और रंगोली व गणेशजी प्रतियोगिता मेें विजेताओ के पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची थी। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोहरलाल भटेवरा, उपाध्यक्ष माया राजू सतोगिया, प्राचार्य पीटर रेबेलो मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झोन चेयरमेन लायन मनोज जानी और डिस्ट्रीक को-आर्डिनेटर प्रबोध मोदी ने की। समारोह की शुरूआत अतिथियो ने मां सरस्वती के चित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण कर की। इसके बाद द संस्कार वेली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान कराया। स्वागत भाषण लायंस क्लब अध्यक्ष रजनीकांत शुक्ला ने दिया। लायंस क्लब की ध्वज वंदना कोषाध्यक्ष निलेशसिंह कुशवाह ने प्रस्तुत की। विधायक भूरिया ने कहा शिक्षक देश के भविष्य को दिशा देने वाला होता है। समाज में सबसे ऊंचा स्थान गुरुका ही होता है। बच्चों की पहली गुरू मां होती है, लेकिन उसका भविष्य गडऩे का काम शिक्षक रूपी गुुरू ही करता है। आपने हिंदी दिवस के अवसर पर बोलते हुए कहा हिंदी एक ऐसी भाषा है जो दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाती है। ये एक ऐसी भाषा है जो सभी लोगों को एक साथ जोडक़र रख सकती है। आज विश्व भी हिंदी की ताकत जान रहा है। वर्तमान समय में, अत्यधिक व्यावसायिक वातावरण में, जहां लोगों अपनी मूल भाषा को भूल रहे हैं, वहां हिंदी दिवस एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे न केवल लोगों को अपनी मूल संस्कृति के संपर्क में रहने के लिए प्रोत्साहन मिलता है बल्कि साथ ही हिंदी को बढ़ावा भी मिलता है। उन्होने कहा लायंस क्लब की यह सराहनीय पहल काफी प्रशंसनीय है। मेरी ओर से भविष्य में किसी प्रकार का सहयोग अगर लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल को पड़ेगा तो मैं अवश्य दूंगी।
नपं अध्यक्ष मनोहरलाल भटेवरा ने कहा सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाएं कभी स्कूल से विदा नहीं होते। वह अपने पद से विदा होते हैं। गुरू के प्रति हमारे मन में तन-मन और धन से सच्चा समर्पण होना चाहिए। लायंस क्लब द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन निश्चित ही शिक्षको के प्रति सच्चा सम्मान है।
प्राचार्य पीटर रेबेलो ने कहा अमेरिका ऐसा देश है जहां पर पहला वैज्ञानिक और दूसरा शिक्षक अतिविशिष्ट लोगों की गिनती में आते है। गुरू की महत्वता हर जगह विद्यमान है। शिक्षक एक सुंदर, सुसभ्य एवं शांतिपूर्ण राष्ट्र व विश्व के निर्माता है। समारोह में उपाध्यक्ष माया सतोगिया, झोन चेयरमेन मनोज जानी, को-आर्डिनेटर प्रबोध मोदी ने भी अपने विचार रखे।
रंगोली प्रतियोगिता में इन्हें मिला पुरस्कार:
लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल ने एक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इस सामूहिक रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं व बच्चों ने अपने घर के सामने विभिन्न कलाकृति बनाई। जिसमें मां, भु्रण हत्या, दहेज प्रथा बंद करो, बेटी बचाने का संदेश देने वाली रंगोली जिसे पहला स्थान शिल्पा विजय देवड़ा को दिया गया। इसी प्रकार दूसरा पुनम करमदीया व तीसरा स्थान नेहा पाल, कृष्णा सोलंकी, परी सोनी को दिया गया।
इसी प्रकार ग्यारह प्रतिभागियों दिव्यांजनली बैरागी, प्रियंका गुप्ता, करिश्मा दायमा, आरती जैन, श्वेता कटकानी, इंशिका भट्ट, अंजली पंवार, दुर्गा निनामा, सखी झाड़मता, अमिता सोनी और धर्मेंद्र जाटव को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र भी सौंपा। रंगोली स्पर्धा के पुरस्कार पंकज जे पटवा के सोजन्य से दिए गए।
मिट्टी के गणेश बनाई स्पर्धा में इन्हे मिला पुरस्कार:
वहीं पिछले दिनो लायंस क्लब ने पर्यावरण बचाओ संदेश देते हुए मिट्टी के गणेशजी बनाओ स्पर्धा आयोजित की थी। जिसमें कई प्रतियोगियो ने अपने हाथ से मिट्टी के र्ईको फ्रेंडली गणेशजी बनाए थे। इस स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार में संस्कार वेली पब्लिक स्कूल, द्वितीय सौरभ चतुर्वेदी और तृतीय में विजेता पंवार को दिया गया। वहीं बाकि सभी प्रतियोगियो को सांत्वना पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए गए।
शिक्षको का किया सम्मान:
इस दौरान अतिथियो ने शिक्षको का सम्मान भी किया। जिसमें सेवानिवृत्त व्याख्याता बीएच साहू, प्रधान अध्यापक नरसिंह गामड़, कालूराम डामर, यशवंतसिंह राठौर, मोहनलाल मालवीय, नाथूलाल भाटी और प्रायवेट स्कूल में वर्षो से सेवा दे रहे शिक्षक सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल की सुलोचना भाटी, शारदा स्कूल की वैशाली चौहान, सफलता स्कूल के रवि परमार, द संस्कार वेली पब्लिक स्कूल के सुमंत वैरागी, प्रोग्रेसिव एकेडमी की स्वाती पुष्पेंद्र कांसवा, आदर्श पब्लिक स्कूल की मारकुस वसुनिया, सरस्वती शिशु मंदिर की श्रीमती कविता नरेंद्र चौहान, शिशु मंदिर की रश्मिना शेख, तुलसी बाल विद्या मंदिर के राजेंद्रसिंह यादव शामिल है।
अतिथियो का भी किया गया सम्मान:
अतिथियो का स्मृति चिह्न से सम्मान पारसमल कोटडिय़ा, विनोद भंडारी, राजेंद्र भंडारी, दिपेश छजलानी, राजेश पालीवाल, निलेश पालीवाल, पवन भंडारी, मुकेश भंडारी, पंकज जे पटवा, राजेश जैन, निलेश भट्ट ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाउपाध्यक्ष हेमंत भट्ट, नगर मंडल अध्यक्ष किर्तीश चाणोदिया, राजू सतोगिया, तन्मय चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। संचालन यश रामावत ने किया। आभार सचिव आलोक चौहान ने माना।