महावीर विक्रम बजरंगी कुमती निवार सुमति के संगी… भगवायात्रा में गूंजे हनुमानजी के जयकारे..

- Advertisement -

सलमान शैैैख़@ पेटलावद
हर साल की तरह इस बार भी पूरे क्षैत्र में श्री हनुमान जन्मोत्सव धार्मिक आस्था के साथ भक्तिभाव से मनाई गई। इसी कड़ी में अखिल भारतीय हिंदू महासभा व श्री मारूति नंदन मित्र मंडल के संयुक्त तत्वाधान में नगर में भगवान हनुमान की शाम 5 बजे से विशाल भगवा यात्रा निकाली गई। जब यात्रा की शुरूआत हुई तो माहौल भगवामय हो गया, क्योंकि मण्डल द्वारा पहले ही पूरे नगर को भगवा पताकाओ से सजाया गया था। यही नहीं सभी कार्यकर्ता भगवा कूर्ते और साफे में नजर आए, वहीं महिला मोर्चा कार्यकर्ता सफेद कपड़े और भगवा साफे में नजर आई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी।
नगर के मुख्य मार्ग से जब सैकड़ो हनुमान भक्त रामधुन गाते हुए निकलते तो यह दृश्य देखते ही बन रहा था। इसमें शहर के अलावा आसपास के गांव से भी श्रद्धालु यहां आए थे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगो ने यात्रा का स्वागत किया। पूरा शहर महावीर विक्रम बजरंगी कुमती निवार सुमति के संगी.. की गूंज से गुंजायमान हो गया।
यहां से गुजरा काफिला:
भव्य भगवा यात्रा का काफिला बालाजी लाज से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड, गणपति चौक, झंडा बाजार, कहार मोहल्ला, गांधी चौक से मुख्य मार्ग डिवायडर पर होते हुए साई मंदिर फिर पुराना बस स्टैंड से होते हुए निलकंठेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में समापन हुआ।
भगवा यात्रा में यह रहे आकर्षण का केंद्र:
विशाल भगवा यात्रा में झाबुआ जिले के कुंदनपुर के सुप्रसिद्ध व आदिवासी लोकगीत के मशहूर गायक कलाकर शशांक तिवारी भी यहां पहुंचे। जैसे ही नगर सहित ग्रामीण अंचल से आए लोगो के बीच यह कलाकार पहुंचे वैसे ही सभी के चेहरे खिल उठे। तिवारी ने अपने सुमधुर गीतो से ऐसे समा बांधा कि हर कोई झूमने को मजबूर हो गया। इसके साथ ही भगवायात्रा में बाहर से आए कलाकारो ने लोकगीतो पर आकर्षक नृत्य किया और आकर्षण का केंद्र बने। जगह-जगह राम धुन पर वह खूब थिरके। इसी के साथ मान गए उस्ताद ढोल पार्टी पेटलावद के कलाकरो ने भी अपनी कला का प्रदर्शन भगवा यात्रा में दिखाया।
जगह-जगह हुई पूजा:
शोभायात्रा में एक झांकी में हनुमानजी विराजित थे जिनकी जगह-जगह पूजा-अर्चना की गई। भजन मंडलिया रामधुन गाती हुई चल रही थी। श्रद्धालुओं के हाथो में हनुमानजी का ध्वज था। सबसे आगे प्रमुख मंडलो के सदस्य भगवा पताका लेकर चल रहे थे।
सामाजिक संगठनो ने किया स्वागत:
जहां-जहां से भगवान हनुमान की शोभायात्रा निकली। वहां रास्ते में सामाजिक संगठनो व नगरिको ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरा शहर मारूति नंदन की भक्ति में डूबे नजर आए। प्रमुख-प्रमुख स्थानो पर कई संगठनो ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत सत्कार किया।