शान ठाकुर, पेटलावद
तहसील क्षेत्र के ग्राम पंथबोराली निवासी विकलांग व्यक्ति नाथू पिता धन्ना गरवाल ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देकर न्याय की मांग की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ग्राम तारखेड़ी निवासी कमलेश कुमार गवली ने बिजली बिल जमा कराने के नाम पर उससे रुपये लिए, लेकिन राशि बिजली विभाग में जमा नहीं करवाये। इसके चलते उसके घर की बिजली काट दी गई और परिवार परेशानियों का सामना कर रहा है।
जनसुनवाई में दिए आवेदन के अनुसार, नाथू गरवाल के नाम से घरेलू विद्युत कनेक्शन है। करीब दो-तीन वर्ष पूर्व कमलेश कुमार गवली ने बिजली विभाग में पहचान होने की बात कहकर बिजली बिल जमा कराने के लिए उससे 1500 रुपये लिए थे। पीड़ित का आरोप है कि उक्त राशि आज तक विभाग में जमा नहीं कराई गई, जबकि वह लगातार अपने रुपये और रसीद की मांग करता रहा।
पीड़ित ने बताया कि कमलेश गवली हर बार बहाने बनाकर उसे टालता रहा, जिसके चलते बिजली विभाग में बकाया बढ़ता गया और अंततः उसके घर की बिजली काट दी गई। इससे परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर है।
आवेदन में पीड़ित ने बताया कि वह विकलांग है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह पहले से ही परेशान है। पीड़ित ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत पूर्व में बिजली विभाग के अधिकारियों को भी की गई थी, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने जनसुनवाई में आवेदन देकर न्याय की मांग की है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा उसके घर की बिजली दोबारा चालू करवाई जाए।