झाबुआ पुलिस द्वारा ग्राम कोदली में हुई मासूम बालक की हत्या का खुलासा किया

0

शान ठाकुर, पेटलावद 

दिनांक 05.05.2026 को ग्राम कोदली निवासी मृतक उत्कर्ष पिता शैलेन्द्र नायक उम्र 06 वर्ष एवं घायल रमीलाबाई पति कुशलसिंह नायक उम्र 53 वर्ष अपने घर की छत पर गंभीर घायल अवस्था में खून से लथपथ मिले। परिजनों द्वारा दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटलावद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मासूम उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया।

मृतक बालक का अंतिम संस्कार किए जाने के दौरान थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया को मुखबिर से बालक की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं परिजनों व समाजजनों को समझाइश देकर पोस्टमार्टम के लिए राजी किया गया।

दिनांक 06.05.2026 को हुए पोस्टमार्टम में डॉक्टरों द्वारा बालक की मृत्यु मानव द्वारा कारित चोटों से होना बताया गया। इसके आधार पर थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 226/2026 धारा 103(1), 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेन्द्र पाटीदार द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी पेटलावद अनुरक्ति साबनानी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पुलिस के द्वारा सूझबूझ से पूछताछ करने पर आरोपियों ने उक्त घटना को करना स्वीकार किया।

आरोपियों के नाम

01. जितेन्द्र उर्फ जितु पिता स्व. शंकर नायक उम्र 24 वर्ष निवासी छायन थाना राणापुर, हाल सिद्धेश्वर कॉलोनी झाबुआ

02. चिराग पिता राजेश नायक उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम कोदली।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने महंगे शौक एवं ऐशो-आराम की पूर्ति के लिए पैसों की तलाश में थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने मौसी रमीलाबाई को घर में अकेला पाकर उन पर हमला किया तथा उनके पोते उत्कर्ष की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने रमीलाबाई के कानों से सोने के टॉप्स छीन लिए एवं घर में रखी सोने की अंगूठी एवं चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफलता पूर्वक खुलासाकिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.