कल शहर में 1 दर्जन से अधिक स्थानो पर होगा होलिका दहन, 21 को उड़ेगा रंग-गुलाल

- Advertisement -

सलमान शैख़@ पेटलावद.
धुलेंडी पर्व से एक दिन पूर्व आने वाले होलिका दहन पर्व को लेकर शहर में तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। पर्व को लेकर खासकर बच्चो में खासा उत्साह नजर आ रहा है। होलिका दहन कल 20 मार्च बुधवार को है। जिसको लेकर शहर में जगह-जगह तैयारियां की गई है। शहर सहित पूरे अंचल में होलिका दहन को लेकर तैयारियां लगभग हर उत्सव समिति ने पूर्ण कर ली है।
होलिका दहन के लिए यह है शुभ मूहूर्त:
पंडित नरेंद नंदन दवे ने बताया होली के दिन भद्रा प्रात: 10.44 बजे से रात्रि 8.59 बजे तक। होलिका दहन भद्रा के बाद ही करना शुभ है। ऐसा माना जाता है कि भद्रा में होलिका दहन नहीं किया जाता है। 9 बज कर 28 मिनट से रात्रि 11:58 तक तीन घंटे ही होलिका दहन का शुभ मुहूर्त है। इसके अलावा 21 मार्च को स्नान और दान की पूर्णिमा और होली धुरड्डी भी है। भद्रा के बाद पूर्णिमा व्रत है। इसके अलावा चैत्र कृष्ण प्रारंभ भी 21 मार्च से ही शुरू हो रहा है। 21 मार्च को धुलेंडी पर लोग खुशियों के रंग में रंगे नजर आएंगे।
सिर्वी मोहल्ले में होली चौक पर होगा भव्य कार्यक्रम:
नगर में सबसे बड़ी होलीका दहन का आयोजन सिर्वी मोहल्ले के होली चौक में होता है। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी क्षत्रिय सिर्वी समाज होलिका दहन यहां बड़ी ही धूमधाम से मनाएगा। यहां होलिका दहन पर विशेष आयोजन भी किए जाएंगे। जिसकी तैयारियां युवा मंडल द्वारा अंतिम दौर में की जा रही है। समाज से सभी लोग होलिका दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सभी समाजजन अपनी-अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे है।
शहर में यहां भी होगा होलिका दहन:
शहर में इस बार मुख्य रूप से करीब 1 दर्जन स्थनो पर होलिका दहन होना है। जिसमें गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, गणपति चौक, अंबिका चौक, चमठा चौक, झंडा बाजार, कहार मोहल्ला, भगतसिंह मार्ग, साईं मंदिर, भेरू चौक, भाई मोहल्ला, राजापुरा, सुभाष मार्ग, पुलिस थाना, माधव कॉलोनी, ब्लॉक कॉलोनी, माही कॉलोनी, बरवेट रोड़, मलिन बस्ती सहित शहर की अन्य कॉलोनियों एवं गली-मोहल्लों में भी होलिका दहन किया जाएगा।