जितेंद्र वर्मा, जोबट
जोबट विधानसभा क्षेत्र-192 की विधायक सेना महेश पटेल ने ग्राम पंचायत इंदरसिंह की चौकी के अंतर्गत बिलगता फलिया में विधायक निधि से स्वीकृत 8.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत ट्रांसफार्मर लाइन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर वर्षों से चली आ रही ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विधायक सेना महेश पटेल के बिलगता फलिया पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-ढमाकों, पुष्प मालाओं एवं आतिशी स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मर लाइन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके अभाव में लोगों को बिजली संबंधी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
