जोबट में श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब, भगवान श्री कल्याणकारी शनिदेव जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
जितेंद्र वर्मा
जोबट के खेडापति हनुमान मंदिर स्थित भगवान श्री कल्याणकारी शनिदेव मंदिर में शनिवार को शनिदेव जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्तिमय माहौल के बीच बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और “जय शनिदेव महाराज” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शनिदेव के विशेष अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर में महाआरती का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।