जोबट में कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को वितरित की गईं निःशुल्क साइकिलें

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोबट में शनिवार को कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आज की मेहनत ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार, गांव, विकासखंड और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जोबट माधु सिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत, भाजपा मंडल जोबट अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मंडलोई, महामंत्री लला पारीक, पार्षद संदीप जैन, खंड शिक्षा अधिकारी रघुनाथ सिंह रावत, विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द बघेल ने संस्था के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

साइकिल वितरण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई के लिए भी प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के बाद अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इसके पश्चात मंत्री नागर सिंह चौहान ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली तथा बेहतर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक जगन सिंह तड़ेवला, चंद्रशेखर राठौड़, सज्जन सिंह राठड़िया, ओबरसिंह डावर, राकेश मायड़ा, जगदीश परमार, चौधरी सर, जितेंद्र सिंह मुवेल, पाताल सिंह चौहान, कुमारी शर्मिला सोलंकी, सरोज राठौर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.