जमीन को लेकर एक महीने पहले हुए विवाद में घायल वृद्ध की मौत

- Advertisement -

आरीफ हुसैन, चन्द्रशेखर आजाद नगर
जमीन विवाद में घायल हुए वृद्ध ने एक महीने चले उपचार के बाद दम तोड़ दिया। एक महीने उसका इलाज दाहोद में चला इसके बाद परिजन उसे घर ले आए थे। जहां उसने 21 फरवरी को आखिरी सांस ली।


आजाद नगर पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार घटना 19 जनवरी 2023 की है। जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी करमसिंह पिता भदु वसुनिया उम्र 60, भुरबाई पति करमसिंह वसुनिया उम्र 50 वर्ष ने मिलकर सुकसिंह पिता अबमसिंह वसुनिया जाति भील 60 वर्ष निवासी ग्राम मायावाट तड़वी फलिया के सिर पर पत्थर से वार किया था, जिससे सुकसिंह को सिर सहित अंदरूनी चोट आई थी।19 जनवरी को उसे उपचार के लिए दाहोद के झायड्स हॉस्पिटल में इलाज किया गया। इसके बाद पुलिस ने धारा 294, 336, 506, 34, 307 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के अनुसार अस्पताल से तीन-चार दिन पहले परिजन सुकसिंह को अपने घर ले आए थे। जहां मंगलवार 21 फरवरी को सुबह अपने ही घर पर सुकसिंह की मौत हो गई। मृतक का आजाद नगर हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम कर शव परिजन के सुपुर्द किया गया। सुकसिंह की मौत के बाद आजाद नगर पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एक धारा 302 और बढ़ाकर केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी शिवराम जमरा ने बताया मृतक के अंतिम संस्कार के दौरान मायावाट तड़वी फलिया में सुरक्षा की दृष्टि से उदयगढ़ और आजाद नगर का पुलिस बल लगाया गया था।