आलीराजपुर। नगरपालिका परिषद आलीराजपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जनसुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान के अंतर्गत नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला ने नगरपालिका अमले के साथ वार्ड क्रमांक 9, 11 एवं 12 का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों की समस्याओं को मौके पर ही सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान जयश्री मैडम के घर से लेकर सर्वेश्वर मंदिर एवं सोरवा नाले तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नालियों की गहन सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जमा कचरे को अध्यक्ष सेना महेश पटेल स्वयं मौके पर खड़ी रहकर साफ करवाती रहीं तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुविधा के तहत लंबे समय से बंद पड़े दो हैंडपंपों को तत्काल सुधारकर चालू कराया गया। वहीं सर्वेश्वर मंदिर के पास राहगीरों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्पीड ब्रेकर हटवाया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन मकानों के बाहर सड़क एवं नालियों पर रेत, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री फैली मिलने पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर मलबा फैलाने वालों पर अर्थदंड (जुर्माना) लगाने के निर्देश दिए गए।
