ग्राम सभा का बड़ा फैसला…अवैध गिट्टी खदान बंद करने का प्रस्ताव पारित

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

ग्राम पंचायत बयडीया-कडवानिया, 18 अगस्त 2026। ग्राम सभा बयडीया में 15 अगस्त की चरणबद्ध ग्राम सभा आयोजन के तहत आज दिनांक 18 अगस्त 2026 को ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम सभा अध्यक्ष विक्रम सिंह मेहता ने की।

बैठक में प्रवीण कुमार चौहान, जिला समन्वयक पेसा एक्ट, जिला पंचायत आलीराजपुर उपस्थित रहे। उन्होंने ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों को पेसा नियम-2022 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पेसा ग्राम सभाओं के अधिकार, ग्राम सभा अध्यक्ष का चयन, समितियों का गठन, जल-जंगल-जमीन से जुड़े अधिकार, श्रम शक्ति नियोजन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। बैठक में ग्राम सभा के उपस्थित सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।

प्रस्ताव क्रमांक 1 : अवैध संचालित गिट्टी खदान बंद करने का प्रस्ताव

ग्राम सभा द्वारा उक्त गिट्टी खदान के संबंध में पूर्व में भी तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं कलेक्टर कार्यालय में जाकर ग्रामीणों द्वारा खदान के संचालन की जानकारी दी गई थी। साथ ही खदान को बंद करने एवं नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई थी। ग्राम सभा के अनुसार, इसके बावजूद आज दिनांक तक उक्त खदान संचालक के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है तथा न ही खदान को बंद करने के संबंध में कोई आदेश ग्राम सभा को प्राप्त हुआ है। ग्राम सभा द्वारा बताया गया कि सर्वे क्रमांक 46/1(s) पर संचालित उक्त गिट्टी खदान की अनुमति अवधि वर्ष 2018 से 2021 तक बताई गई थी। अनुमति अवधि समाप्त होने के बाद भी खनन कार्य जारी रहने को लेकर ग्राम सभा द्वारा लगातार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इसी क्रम में 18 अगस्त 2026 को ग्राम सभा बयडीया की बैठक में उपस्थित ग्राम सभा सदस्यों ने मामले पर विस्तार से चर्चा की। ग्राम की आबादी, पर्यावरण, पेयजल स्रोतों एवं जन-सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से उक्त गिट्टी खदान को बंद करने तथा खनन कार्य तत्काल रोकने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम सभा ने संबंधित प्रशासन एवं खनिज विभाग से मांग की है कि ग्राम सभा के प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए सर्वे क्रमांक 46/1(s) पर संचालित खनन कार्य की तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा खदान को बंद करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्राम सभा ने इस प्रस्ताव के समर्थन में पेसा नियम-2022 के अध्याय छह के नियम 22 (गौण खनिज) के प्रावधानों का उल्लेख किया। ग्राम सभा के अनुसार, अनुसूचित क्षेत्रों में गौण खनिजों से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं में ग्राम सभा की अनुशंसा का प्रावधान है। साथ ही खनिज विभाग द्वारा ग्राम सभा को उसके क्षेत्राधिकार में आने वाले गौण खनिजों के उत्खनन पट्टा आवंटन एवं नीलामी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने तथा ग्राम सभा द्वारा गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकने संबंधी शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ग्राम सभा को देने का प्रावधान भी है।

प्रस्ताव क्रमांक 2 : शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने का प्रस्ताव

ग्राम सभा क्षेत्र की शासकीय भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को रोकने के संबंध में भी प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम सभा द्वारा शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं अतिक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया गया।

प्रस्ताव क्रमांक 3 : भू-अभिलेखों में त्रुटि सुधार का प्रस्ताव

ग्राम सभा से प्राप्त निजी एवं शासकीय भूमि के अभिलेखों में त्रुटि सुधार के संबंध में भी प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम सभा में इस बात पर चर्चा की गई कि कई बार पंचायत स्तर पर ऐसी शिकायतें प्राप्त होती हैं कि भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है, जबकि उस पर किसी अन्य व्यक्ति का आधिपत्य है। इसी प्रकार कई मामलों में भूमि पर किसी व्यक्ति का आधिपत्य होने के बावजूद राजस्व अभिलेखों में वह भूमि शासकीय दर्ज होती है। इस प्रकार अभिलेखों में त्रुटि एवं वास्तविक स्थिति में अंतर के कारण गांव में कई बार भूमि संबंधी विवाद उत्पन्न हो जाते हैं। इन विवादों को रोकने तथा भूमि अभिलेखों को सही एवं अद्यतन रखने के उद्देश्य से ग्राम सभा द्वारा पेसा नियम-2022 के अध्याय चार के नियम 7 — भू-अभिलेखों का संधारण के प्रावधानों का उल्लेख किया गया।

इसके अनुसार पटवारी एवं बीट गार्ड द्वारा ग्राम सभा को ग्राम की सीमा के भीतर आने वाले अद्यतन राजस्व एवं वन अभिलेख उपलब्ध कराने तथा ग्राम सभा से प्राप्त निजी एवं शासकीय भूमि के अभिलेखों में त्रुटि सुधार की अनुशंसा सक्षम अधिकारी को भेजने का प्रावधान है। ग्राम सभा द्वारा भूमि अभिलेखों की त्रुटियों का परीक्षण कर नियमानुसार सुधार की कार्रवाई किए जाने तथा भविष्य में भूमि संबंधी विवादों को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक में पारित सभी प्रस्तावों पर उपस्थित ग्राम सभा सदस्यों द्वारा हस्ताक्षर किए गए।

शासन की योजनाओं एवं पंचायत विकास पर भी चर्चा

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि गणपत रावत ने उपस्थित मतदाताओं को हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं पंचायत के विकास से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी।बैठक में पेसा ब्लॉक समन्वयक श्री प्रवीण सोलिया, ग्राम की सरपंच श्रीमती जंगली बाई रावत, रसिक कनेश, सुभाष सोलंकी, भुवान सिंह, प्रकाश, पोपट, शंकर, जेंती, जितेन्द्र, मुकेश, वजन कनेश, पंचायत सचिव श्री राकेश बामनिया तथा जीआरएस श्री अशोक कनेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं ग्राम सभा सदस्य उपस्थित रहे। ग्राम सभा की कार्यवाही में विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा के पश्चात प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की जानकारी ग्राम सभा अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह मेहता द्वारा दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.