जोबट के कृष्ण चौपाटी पर पुलिस चौकी की मांग: नगरवासियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

नगर के मध्य स्थित व्यस्ततम कृष्ण चौपाटी क्षेत्र में आए दिन होने वाली छेड़खानी, यातायात की बदहाली और असामाजिक तत्वों से परेशान नगरवासियों ने जोबट दौरे पर आए अलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया को आवेदन सौंपा। नागरिकों ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यहाँ जल्द से जल्द एक पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आश्वासन दिया है।

सौपे गए आवेदन में बताया गया कि कृष्ण चौपाटी जोबट नगर का मुख्य व्यापारिक केंद्र होने के साथ-साथ बेहद भीड़भाड़ वाला इलाका है। इसी क्षेत्र में शासकीय कन्या शाला विद्यालय भी स्थित है, जहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों छात्राएं पैदल गुजरती हैं। सुबह स्कूल लगने और शाम को छुट्टी होने के समय यहाँ असामाजिक तत्वों का आना जाना लगा रहता है, इसके अलावा, मुख्य बाजार होने के कारण यहाँ दिनभर यातायात व्यवस्था भी बिगडी रहती है। वर्तमान पुलिस थाना इस क्षेत्र से दूरी पर होने के कारण पुलिस को मौके पर पहुँचने में समय लगता है।

एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया जोबट दौरे के दौरान जब नगरवासियों और गणमान्य नागरिकों ने एसपी को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, तो उन्होंने जनता की बात को बेहद ध्यान से सुना। एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृष्ण चौपाटी पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिस चौकी की स्थापना के लिए हम पूरा प्रयास करेंगे।

चौकी बनने से सुधरेगी कानून व्यवस्था

नगर के वरिष्ठ लक्ष्मण सिंह ठाकुर समेत नागरिकों का और स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि कृष्ण चौपाटी के आसपास स्थाई पुलिस चौकी बन जाती है, तो अपराधियों में भय पैदा होगा। इससे न केवल छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि व्यापारियों और आम जनता को भी असामाजिक तत्वों और रोज़-रोज़ के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर के कई गणमान्य नागरिक, व्यापारी मोजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.