गुरु पूर्णिमा पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने किया गुरु पूजन

0

आलीराजपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष संतोष मकू परवाल तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंद गुप्ता, मंडल महामंत्री राजेश गुप्ता के साथ विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शेषशाई आचार्य मंदिर से हुई, जहां सभी ने भगवान लक्ष्मी व्यंकटेश की की विधिवत आरती में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान का पूजन अर्चन कर जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूजन कर गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान किया गया। मंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा माना गया है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और जीवन को सही दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं का प्रतीक है।

इसके बाद सभी रामदेव मंदिर स्थित समाधि स्थल पहुंचे, जहां श्रद्धा एवं भक्ति के साथ महामंडलेश्वर नरसिहानंद जी महाराज एवं अन्य संतों की समाधि पर पूजा-अर्चना कर संतों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। यहां उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर प्रदेश की उन्नति, समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की गई।

इसके उपरांत सभी पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां संत श्री का विधिवत सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। संतों ने सभी जनप्रतिनिधियों को धर्म, सेवा और समाजहित के कार्यों में निरंतर अग्रसर रहने का संदेश देते हुए जनकल्याण के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को प्रकाशमय बनाने वाले मार्गदर्शक होते हैं। गुरु पूर्णिमा हमें अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को सकारात्मक दिशा देता है तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण हम सभी का दायित्व है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों एवं संत-महात्माओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.