अमरसिंह वागुल, उदयगढ़
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत प्रशासनिक अमले ने अब सूखी और बंद पड़ी बावड़ियों के जीर्णोद्धार की ओर रुख किया है। इसी कड़ी में जोबट तहसील के विकासखंड उदयगढ़ के ग्राम बावड़ी खुर्द में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर श्रमदान किया और जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्य रूप से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और नदियों-तालाबों के पुनर्जीवन पर केंद्रित एक जन-भागीदारी आधारित महाभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य मंडराते जल संकट को कम करना और भविष्य के लिए जल स्रोतों को दीर्घकाल तक सुरक्षित रखना है।
अभियान के मुख्य उद्देश्य:
-
वर्षा जल संचयन: घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक भवनों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना।
-
भूजल स्तर में सुधार: सोखता गड्ढा, कुआं रिचार्ज और चेक डैम के माध्यम से भूजल का पुनर्भरण करना।
-
नदियों और तालाबों का संरक्षण: जलाशयों की सफाई, गहरीकरण करना और वहां से अतिक्रमण हटाना।
-
जन जागरूकता और जनभागीदारी: ग्राम पंचायत, समाजसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ना।
