खरडू बड़ी। पश्चिम मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल में दीपावली के दूसरे दिन मनाया जाने वाला पारंपरिक गाय गोहरी पर्व इस वर्ष भी बड़े उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। झाबुआ जिले के ग्राम खरडू बड़ी में पर्व को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जहां एक ओर ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार गायों और बैलों के पैरों के नीचे लेटकर अपनी मन्नत उतारी, वहीं दूसरी ओर गोवर्धन पूजा कर परिवार, गांव और खेतों की सुख-समृद्धि की कामना की।

ग्राम खरडू बड़ी में सुबह करीब 8:30 बजे से गाय गोहरी की परंपरा शुरू हुई। इसमें श्रद्धालु जमीन पर लेट गए और सजी-धजी गायों को उनके ऊपर से निकाला गया। ग्रामीणों की मान्यता है कि इस परंपरा में सालार माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है और गायों के पैरों के नीचे से निकलने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं पहुंचती। इसी आस्था के चलते लोग अपनी मन्नत पूरी होने पर इस परंपरा में शामिल होते हैं।इसी के साथ ही सुबह गांव के ताराघाटी, माल भूरिया आदि जगह भी सुबह गाय गोहरी मनाई गई। वहीं शाम करीब 4 बजे के बाद बैलों के साथ गाय गोहरी की परंपरा निभाई गई। इस दौरान भी ग्रामीणों ने जमीन पर लेटकर बैलों को अपने ऊपर से गुजारा और अपनी मन्नत उतारी। ढोल-मांदल, पारंपरिक गीत-संगीत और ग्रामीणों के उत्साह से पूरे गांव में पर्व का माहौल बना रहा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए एकत्रित हुए।

*गोबर से गोवर्धन बनाकर की पूजा-अर्चना*

गाय गोहरी पर्व के साथ ही दोपहर में गांव के सामान्य समाज के लोगों द्वारा भी गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। घरों और आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन से परिवार में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और कृषि संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक भी माना जाता है।

*पशुधन और कृषि संस्कृति से जुड़ी है परंपरा*

आदिवासी अंचल में गाय और बैल केवल पशु नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी का महत्वपूर्ण आधार माने जाते हैं। खेती में बैलों की भूमिका और गायों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के कारण इस पर्व का विशेष स्थान है। ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार गाय गोहरी पर्व मनाने से गांव और खेतों में खुशहाली आती है तथा आने वाला वर्ष सुख-समृद्धि से भरा रहता है। ग्राम खरडू बड़ी में मनाया गया यह पर्व क्षेत्र की प्राचीन लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीणों द्वारा अपनी परंपराओं को उत्साह के साथ निभाना नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों से जोड़ने का संदेश देता है।

*काफी संख्या में ग्रामीण पहुँचे*
“गाय गोहरी पर्व को देखने के लिए केवल ग्राम खरडू बड़ी ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और फलियों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। सुबह से ही आयोजन स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगती है। आसपास के ग्रामीण इस अनूठी आदिवासी परंपरा को करीब से देखने और इसका हिस्सा बनने के लिए उत्साह के साथ पहुंचते हैं। पूरे आयोजन के दौरान मेले जैसा माहौल नजर आता है। यह पर्व क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों को एक साथ जोड़ने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *