आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। 7 और 8 नवंबर को हुई इन कार्रवाइयों में छह प्रकरण दर्ज कर कुल 334 पेटी अवैध शराब और बीयर जब्त की गई। इसकी मात्रा 3,812.04 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 8,97,614 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल 55 हजार रुपए कीमत का दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

छह थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

– थाना सोंडवा: पुलिस चौकी उमराली की टीम ने 8 नवंबर की रात करीब 1 बजे ग्राम छोटी उतावली में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही भेरूसिंह कलेश के मकान से माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर की 176 पेटी (2,112 लीटर) जब्त की। इसकी कीमत 3.52 लाख रुपए है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 36 में प्रकरण दर्ज किया गया।

– थाना बखतगढ़: 8 नवंबर को ग्राम आठा में आरोपी के घर के सामने से 58 पेटी शराब (539.04 बल्क लीटर) जब्त की गई। इसकी कीमत 1,86,700 रुपए है। इसमें गोवा व्हिस्की की 40, माउंट 6000 बीयर की 6, लंदन प्राइड वोडका की 3, एमडी व्हिस्की की 8 और किंगफिशर बीयर की 1 पेटी शामिल है। आरोपी दशरिया पिता छिंदिया ठकरावा (48), निवासी आठा के खिलाफ अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत धारा 34(2) और 36 में प्रकरण दर्ज किया गया।

– थाना उदयगढ़: 7 नवंबर को तलावड़ कलचा फलिया नाला डेम के पास से 35 पेटी शराब (381 बल्क लीटर) जब्त की गई। इसकी कीमत 1,77,894 रुपए है। इसमें किंगफिशर बीयर की 14, माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर की 8 और गोवा व्हिस्की की 13 पेटी शामिल हैं। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 344/2026 के तहत धारा 34(1), 34(2) और 36 में प्रकरण दर्ज किया गया।

– थाना बोरी: 7 नवंबर को पाटबायड़ी कच्चे मार्ग पर पुलिस को देखकर एक व्यक्ति शराब की पेटियां फेंककर दोपहिया वाहन से फरार हो गया। मौके से माउंट 6000 बीयर की 8 पेटी (96 लीटर), कीमत 19,200 रुपए, जब्त की गई। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया।

– थाना नानपुर: 8 नवंबर को मोरी फलिया निवासी अनिल पिता चमरिया तोमर (24) के कब्जे से माउंट 6000 बीयर की 3 पेटी (36 लीटर), कीमत 6,300 रुपए, जब्त की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की होंडा एक्टिवा क्रमांक MP69 ME8531, कीमत 55 हजार रुपए, भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत धारा 34(1) और 46 में प्रकरण दर्ज किया गया।

– थाना चंद्रशेखर आजादनगर: पुलिस चौकी सेजावाड़ा की टीम ने प्रभात गश्त के दौरान मिली सूचना पर ग्राम सेजावाड़ा के औद्योगिक क्षेत्र में तालाब के पास झाड़ियों से माउंट 6000 बीयर की 54 पेटी (648 बल्क लीटर) जब्त की। इसकी कीमत 1,55,520 रुपए है। मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत धारा 34(1), 34(2) और 36 में प्रकरण दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *