आलीराजपुर। जिले में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन ने कुल 22 करोड़ 33 लाख 34 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान के प्रयासों से समग्र शिक्षा अभियान के तहत 132 जीर्ण-शीर्ण स्कूल भवनों का पुनर्निर्माण, 18 नए स्कूल भवन और 85 बालक शौचालय बनाए जाएंगे। इसके साथ ही आलीराजपुर में संत रविदास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने बताया कि 132 जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण पर 16 करोड़ 79 लाख 66 हजार रुपए, भवनविहीन 18 विद्यालयों के निर्माण पर 2 करोड़ 67 लाख 38 हजार रुपए और 85 बालक शौचालयों के निर्माण पर 2 करोड़ 36 लाख 30 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इन तीनों कार्यों के लिए कुल 21 करोड़ 83 लाख 34 हजार रुपए स्वीकृत हुए हैं।

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि नए भवन बनने से जर्जर स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। भवनविहीन विद्यालयों को अपना भवन मिलेगा और शौचालय निर्माण से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।

संत रविदास सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख

आलीराजपुर में संत रविदास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए अनुसूचित जाति कल्याण विभाग से 50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा को मूर्त रूप देने की दिशा में कदम है। भवन बनने से अनुसूचित जाति समाज के परिवारों को सामाजिक, धार्मिक, पारिवारिक आयोजनों, विवाह समारोहों और बैठकों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। इससे निजी भवन या मैरिज गार्डन किराये पर लेने का खर्च भी बचेगा। मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि संत रविदास जी के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण की प्रेरणा देते हैं। वहीं गोविंदा गुप्ता ने इसे अनुसूचित जाति समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इन स्वीकृतियों पर भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल, महामंत्री रिंकेश तंवर, मोंटू शाह, राजू मुवेल सहित जिले के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *