खरडू बड़ी। महिला थाना झाबुआ की टीम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरडू बड़ी में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी शर्मिला चौहान (टीआई) ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से समझाते हुए किसी भी गलत व्यवहार की स्थिति में बिना संकोच अपने परिजनों एवं शिक्षकों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने की जानकारी दी गई। वहीं महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए 112 हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने के बारे में भी बताया गया। महिला थाना टीम ने छात्राओं को अधिक से अधिक शिक्षा प्राप्त करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महिला थाना झाबुआ से टीआई शर्मिला चौहान, अंबा सोलंकी एवं आरक्षक नीलम उपस्थित रहीं। वहीं विद्यालय की संस्था प्रधान नीलम मांगरिया, राजेश जांगिड़, शंकर सिंह राठौर,सुहाना शेख,मोना मावी आदि सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। Post navigation खरडू बड़ी में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया करवा चौथ