जितेंद्र वर्मा, जोबट जोबट तहसील के ग्राम गुड़ा के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। हादसे में 44 वर्षीय जुवान सिंह, उनकी 42 वर्षीय पत्नी लीला और परिवार के दो बच्चे परवीन (9) एवं अरवीन (8) घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कई बार फोन लगाने के बाद भी तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। बाद में एंबुलेंस के लिए करीब एक घंटे इंतजार करने की बात कही गई। जानकारी के अनुसार बड़ा गुड़ा निवासी जुवान सिंह पिता लमरिया अखड़िया अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल गुड़ा हटवानी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। टक्कर के कारण बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। एंबुलेंस के लिए इंतजार, ग्रामीणों ने उठाया कदम घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए गांव के पाताल सिंह ने 108 एंबुलेंस को फोन लगाया। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो पाया। बाद में बात होने पर एंबुलेंस पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगने की जानकारी दी गई। घायल परिवार में महिला और दो छोटे बच्चे भी शामिल थे, इसलिए ग्रामीणों ने इंतजार करने के बजाय खुद ही अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ग्रामीणों की मदद से चारों घायलों को जोबट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद सभी को भर्ती कर उपचार शुरू किया। फिलहाल चारों का इलाज जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता पर सवाल इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के रिस्पांस टाइम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों को स्वयं व्यवस्था करनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस सेवा समय पर उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि घायलों को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके। Post navigation नगर परिषद में नामांतरण स्वीकृत, शुल्क भी जमा, फिर भी विधवा महिला को नहीं मिला स्वामित्व प्रमाण-पत्र