गवली समाज की चतुर्थ कावड़ यात्रा संपन्न, 51 किलो की कावड़ रही मुख्य आकर्षण

0

रितेश गुप्ता, थांदला

स्थानीय गवली समाज महिला मंडल द्वारा चतुर्थ कावड़ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। एकांतेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर इस कावड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। बाईपास स्थित पद्मावती नदी से जल भरकर यह यात्रा मरीमाता चौराहा, शीतला माता चौराहा, गली मोहल्ला, शाहजी चौराहा, गांधी चौक, कुम्हार मोहल्ला, पीपली चौराहा, आजाद चौक और अंबे माता चौराहा होते हुए सांवलिया सेठ मंदिर पहुंची। यहां नर्मदेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर महाआरती की गई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई।

इस कावड़ यात्रा में 51 किलो की कावड़ मुख्य आकर्षण का केंद्र रही, जिसे समाज के युवाओं ने प्रभु की भक्ति में लीन होकर अपने कंधों पर उठाया और पूरे नगर का भ्रमण कराया। यात्रा में शामिल महिला मंडल की सभी सदस्याएं एक जैसे परिधान में नजर आईं, जिससे यात्रा का स्वरूप और भी आकर्षक लग रहा था।

नगर परिषद अध्यक्ष माननीया लक्ष्मी सुनील पणदा ने इस अवसर पर कहा, “सारे तीरथ एक बार और शिव की कावड़ यात्रा बार-बार। हम थांदला वासी सौभाग्यशाली हैं, जिन पर महादेव का विशेष आशीर्वाद रहता है।” उन्होंने कहा कि ‘छोटी काशी’ के नाम से पहचाने जाने वाले थांदला नगर की धर्मप्रेमी जनता की शिवभक्ति देखते ही बनती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.