मातृ शक्ति कावड़ यात्रा में पिटोल सहित चार गांव की महिलाओं ने लिया भाग

0

भूपेंद्र नायक, पिटोल 

पिटोल में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण मास में महिला कावड़ यात्रियों का उत्साह और भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पिटोल में महिला मंडलों द्वारा विशेष कावड़ यात्राएं निकाली गई हैं, जिनमें सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई महिलाएं अपने परिवार और बेटियों के साथ कावड़ लेकर पदयात्रा कर एक मिसाल पेश कर रही हैं।

आज सुबह 11 बजे पिटोल के कालिया भीम फलिया एवं आसपास के गांवों की सर्व समाज की महिलाएं पिटोल-मण्डली रोड पर स्थित रामेश्वरम महादेव मंदिर पर एकत्रित हुईं। इसके बाद, पिटोल के सर्व समाज के युवाओं द्वारा निजी वाहनों से इन महिलाओं को पिटोल से 4 किलोमीटर दूर, दो नदियों (भामची और मोद) के संगम पर स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर (मण्डली बड़ी) ले जाया गया। हरे-भरे वृक्षों और प्राकृतिक हरियाली से परिपूर्ण इस स्थान से जल लेकर, सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पिटोल और अपने-अपने गांव के शिवालयों के लिए रवाना हुईं।

मंगलेश्वर मंदिर से पिटोल के बीच, सर्व समाज के युवाओं द्वारा इन महिला कावड़ यात्रियों के लिए स्वल्पाहार, फल और शीतल पेय की उत्तम व्यवस्था की गई। डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए पूरे उत्साह के साथ यह कावड़ यात्रा निकाली गई।

पिटोल के बाहर मण्डली रोड स्थित रामेश्वरम महादेव मंदिर में जलाभिषेक के बाद, समस्त मातृशक्ति और कावड़ यात्रियों ने पिटोल के मुख्य मार्ग पर स्थित रामदेव महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक किया। तत्पश्चात, स्थानीय राधा-कृष्ण मंदिर में महादेव का जलाभिषेक किया गया, जहाँ सभी महिला कावड़ यात्रियों के लिए फलाहारी खिचड़ी की व्यवस्था की गई थी। अंत में, यहाँ से सभी महिलाएं अपने-अपने गांव के शिवालयों के लिए रवाना हुईं और वहाँ जाकर जलाभिषेक संपन्न किया।
कावड़ यात्रा में पुलिस ने सुरक्षा के माकुल इंतजाम किए। पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस जवानों ने कावड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.