लोहित झामर, मेघनगर मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल फुटतालाब स्थित श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में आयोजित होने वाले बहुचर्चित नवरात्रि गरबा महोत्सव का शुभारंभ आज से होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मां की आराधना और गरबों के इस भव्य उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं, मातृशक्ति और आयोजन समिति में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य और समाजसेवी सुरेश पूरणमल जैन (पप्पू भैया), राजेश रिंकू जैन, जैकी जैन तथा मंदिर के महंत दिलीपदास महाराज ने बताया कि महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। आयोजन स्थल पर पांच हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, वहीं गरबा प्रांगण में भी विशेष रोशनी और मनमोहक सजावट की गई है। देश के विभिन्न शहरों से पहुंचेंगे कलाकार इस वर्ष गरबा महोत्सव में दिल्ली, अहमदाबाद, बड़ौदा और इंदौर से कलाकार शामिल होंगे। इनके साथ स्थानीय गरबा दल भी मां की आराधना में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। गुजरात के प्रसिद्ध गरबा गायक भी आयोजन में शामिल होकर भक्तिमय माहौल बनाएंगे। गरबा महोत्सव में महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं के साथ विशाल पंडाल तैयार किया गया है। मां की घट स्थापना और महाआरती के साथ होगा शुभारंभ महोत्सव का शुभारंभ शाम को शुभ मुहूर्त में विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ मां की घट स्थापना से होगा। प्रतिदिन शाम 8 बजे मां की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात गरबों के माध्यम से मां की आराधना की जाएगी। मंदिर में विराजित हनुमान जी की प्रतिमा का आकर्षक चोला श्रृंगार भी किया गया है। प्रतिदिन हनुमान जी की महाआरती भी की जाएगी। महिला मंडल और कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्थाएं आयोजन समिति के महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्य सीमा सुरेश जैन, नीता राजेश जैन, पूजा जैन, पूर्वा जैन, बिन्नी और अंतिमबाला जैन ने बताया कि महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं युवा मंडल और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मां की आराधना कर सकें। युवा मंडल के सदस्य जैकी जैन ने बताया कि गरबा महोत्सव में उत्कृष्ट गरबा करने वाले समूहों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ेगा और पारंपरिक गरबा संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा। कई जिलों और पड़ोसी राज्यों से उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़ फुटतालाब का यह गरबा महोत्सव प्रतिवर्ष आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव का प्रमुख केंद्र बनता है। आयोजन में राणापुर, सारंगी, पेटलावद, थांदला, झाबुआ सहित आलीराजपुर, उज्जैन और बदनावर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा गुजरात और राजस्थान से भी भक्त मां के दर्शन और गरबा महोत्सव में शामिल होने आते हैं। आयोजन समिति ने जिले और प्रदेश की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवरात्रि महोत्सव में सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। फुटतालाब में आज से शुरू होने वाला यह उत्सव मां की भक्ति, पारंपरिक गरबा और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम बनने जा रहा है। Post navigation बीच सड़क पर गिट्टी का ढेर, बाइक सवार और बालिका हादसे का शिकार होते-होते बचे 11 अक्टूबर से माँ चामुंडा माता मंदिर प्रांगण में गूंजेगा माता रानी का जयकारा, नवरात्रि पर्व को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह