लोहित झामर, मेघनगर नगर के समीप ग्राम फुटतालाब स्थित प्रसिद्ध वनेश्वर मारुति कुटीर में देव उठनी ग्यारस के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में मेघनगर नगर सहित जिले के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान के दर्शन कर अन्नकूट महाप्रसादी का लाभ लिया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। अन्नकूट महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। विद्वान पंडितों द्वारा मंदिर में विराजित हनुमान जी, भोलेनाथ, मां अम्बा, मां लक्ष्मी, भगवान गणेश, मां सरस्वती एवं सांवरिया सेठ का फलों के रस एवं अमृत से अभिषेक कराया गया। इसके पश्चात सभी देवी-देवताओं का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया तथा भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए। सजे-धजे मंदिर परिसर और आकर्षक देव प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर 12 बजे मंदिर के महंत दिलीप दास जी, टाट वाले बाबा एवं समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन परिवार द्वारा विधि-विधान से महाआरती की गई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात मंदिर परिसर में साधु-संतों, बालिकाओं एवं ब्राह्मणजनों का सम्मान कर उन्हें दक्षिणा भेंट की गई। आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपरा के साथ सेवा, सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया गया। महिला मंडलों की भजन प्रस्तुतियों ने बांधा समां अन्नकूट महोत्सव के दौरान नगर की महाकाल महिला मंडल एवं गणेश महिला मंडल द्वारा शानदार भजन प्रस्तुतियां दी गईं। महिलाओं ने भक्तिमय गीतों पर भक्ति और उत्साह के साथ नृत्य कर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। “छम-छम नाचे वीर हनुमाना”, “गोकुल की हर गली कान्हा को ढूंढती है” एवं “तूने मुझे बुलाया शेरावाली” जैसे लोकप्रिय भजनों पर महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। भजन-कीर्तन और संगीत की मधुर धुनों से मंदिर परिसर गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालु भी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। देर रात तक चला महाप्रसादी का दौर महाआरती एवं धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया। इसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही के चलते मंदिर परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सेवा भाव से जुटे आयोजकों एवं महिला मंडलों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। देर रात तक महाप्रसादी वितरण का क्रम जारी रहा। आयोजकों ने जताया आभार भव्य अन्नकूट महोत्सव के सफल आयोजन पर मंदिर के महंत दिलीप दास जी, समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन (पप्पू भैया), राजेश (रिंकू) जैन, सीमा जैन एवं जैकी जैन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, महिला मंडलों, श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अन्नकूट महोत्सव ने एक बार फिर फुटतालाब के वनेश्वर मारुति कुटीर को भक्ति, आस्था, सेवा और सामाजिक एकता के रंग में रंग दिया। Post navigation श्री शिव मंदिर वालपुर में भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न