मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ

आम्बुआ स्थित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह आदिवासी बालक छात्रावास का सांसद अनीता नागर सिंह चौहान ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे करीब 50 बच्चों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और पढ़ाई, नाश्ते एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उनके साथ पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास (विक्की) माहेश्वरी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास के करीब 50 साल पुराने भवन में बच्चों को पढ़ाई एवं रहन-सहन करते देख सांसद ने नाराजगी जताई। वहीं, नए छात्रावास भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से चलने के बावजूद अब तक पूरा नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि नए भवन का कार्य अभी अधूरा है। इस पर सांसद ने संबंधित विभाग को फोन लगाकर अधिकारियों से जवाब मांगा और निर्माण कार्य में हो रही देरी पर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे कार्य को जल्द पूरा कर आगामी 15 दिनों के भीतर नए भवन का हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही सांसद ने बच्चों से आत्मीयता से चर्चा करते हुए उन्हें अच्छे व्यवहार की सीख दी। उन्होंने कहा कि बड़े बच्चों को अपना व्यवहार अच्छा रखना चाहिए, क्योंकि छोटे बच्चे अपने बड़ों से ही सीखते हैं। यदि बड़े बच्चे अच्छा व्यवहार करेंगे तो छोटे बच्चे भी उनसे प्रेरणा लेकर वैसा ही व्यवहार अपनाएंगे। उन्होंने बच्चों को छात्रावास को अपना घर समझकर रखने और हमेशा साफ-सफाई का ध्यान रखने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना देश को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने का है, इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।

पढ़ाई के महत्व पर जोर देते हुए सांसद ने बच्चों से कहा कि जीवन में आगे बढ़कर कुछ बनने के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। इसलिए सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और मेहनत के साथ आगे बढ़ें। इस दौरान सांसद ने बच्चों की दिनचर्या, नाश्ते,भोजन और अन्य सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यश राठौड़ छात्रावास अधीक्षक कुशल सिंह चौहान सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *