जितेंद्र वाणी, नानपुर 

कथा का श्रवण तो हम हमेशा करते हैं और उसके बताए मार्ग का अनुसरण भी करते हैं। जीवन में नियमों का पालन भी करते हैं, लेकिन कथा श्रवण करने के स्थान का भी विशेष महत्व होता है। श्रीमद्भागवत कथा का विशेष महत्व नैमिषारण्य में है, लेकिन उससे भी अधिक महत्व उस स्थान का है, जहां स्वयं प्रभु का सदा निवास रहता है। भगवान का ऐसा ही पवित्र स्थान गोशाला है, जहां गोमाता का वास होता है। और आप नानपुर वाले तो बहुत भाग्यशाली हे जिनके यहां इतनी बड़ी गोशाला हे नैमिषारण्य का पुण्य यही गोशाला में कथा श्रवण कर आप को मिल जाएगा यह बात नानपुर स्थित गोपाल गोशाला में गोपाष्टमी के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर व्यासपीठ से उज्जैन के पं. प्रकाशजी दुबे ने कही।

कथा का शुभारंभ राम मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल गोपाल गोशाला पहुंची। यहां विधि-विधान से श्रीमद्भागवत महापुराण का पूजन एवं वंदन कर कथा का शुभारंभ किया गया।

कथा प्रारंभ होने से पूर्व उपस्थित धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने गोमाता एवं उनके बछड़ों का पूजन किया तथा उन्हें मिष्ठान खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य यजमान तेजमलजी सोनी के पुत्र बबलू सोनी एवं उनकी धर्मपत्नी सहित पूरे परिवार ने श्रीमद्भागवत महापुराण को अपने मस्तक पर धारण कर कथा स्थल तक पहुंचाया।

कथा स्थल पर महाआरती के पश्चात ‘श्री सुरभ्यै नमः’ मंत्र के उच्चारण के साथ भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पश्चात गोमाता के लिए मीठी थूली का भोग लगाया गया।

इस अवसर पर नगर के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। भागवत कथा समिति एवं गोपाल गोशाला सेवा समिति के सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *