लोहित झामर, मेघनगर

नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। झाबुआ चौराहे से आगे चल रहे सड़क निर्माण कार्य में बीच सड़क पर मलबे का ढेर लगा दिया गया, लेकिन उसके आसपास न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया और न ही वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए डायवर्सन का कोई निशान लगाया गया। इस लापरवाही के चलते बाइक सवार और उसके साथ बैठी एक बालिका सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच मलबा पड़ा होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान एक बाइक सवार अपने साथ बैठी बालिका के साथ वहां से गुजर रहा था। अचानक सड़क पर पड़े मलबे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए। इसी बीच पास से एक अन्य वाहन भी गुजरा, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना के बाद सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त संकेतक दिखाई दिए और न ही यातायात को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिए उचित व्यवस्था की गई। ऐसे में रात के समय या कम दृश्यता की स्थिति में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

आखिर जिम्मेदार कौन?

नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोगों की सुविधा के लिए किया जा रहा है, लेकिन यदि निर्माण के दौरान सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो यही कार्य आम नागरिकों के लिए खतरा बन सकता है। संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों को निर्माण स्थल पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और उचित डायवर्सन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना को रोका जा सके।

अब देखना यह है कि इस मामले में जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारी कब तक ध्यान देते हैं और सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *