लोहित झामर, मेघनगर झाबुआ – राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं के त्वरित और मौके पर निराकरण के उद्देश्य से मेघनगर में “राजस्व जन संवाद शिविर” का सफल आयोजन किया गया। यह पहल कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के विशेष निर्देशन एवं मंशा के अनुरूप आयोजित की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना रहा। शिविर का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अवनधती प्रधान, प्रभारी नायब तहसीलदार विजयकांत पाण्डेय एवं थाना प्रभारी दिनेश शर्मा की उपस्थिति में किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी राजस्व संबंधी शिकायतें एवं आवेदन लेकर पहुंचे।प्रशासनिक टीम ने तत्परता और पारदर्शिता का परिचय देते हुए प्राप्त कुल 14 आवेदनों में से 13 मामलों का तत्काल निराकरण कर दिया। शेष एक आवेदन को जांच हेतु संबंधित विभाग के पास भेजा गया है। प्रशासन की इस संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यशैली से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान होने पर ग्रामीणों ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि प्रत्येक गुरुवार को राजस्व जन संवाद शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। Post navigation मेघनगर बस स्टैंड पर संयुक्त जांच अभियान, बसों व वाहन चालकों की हुई जांच मेघनगर वन परिक्षेत्र में गोवंशीय पशु की हत्या