चंद्रशेखर आजाद नगर बस स्टैंड पर अतिक्रमण से राहगीर परेशान, प्रशासन पर उठे सवाल

0

भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर

चंद्रशेखर आजाद नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में सुलभ शौचालय के सामने सड़क किनारे हो रहे कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रहवासियों का कहना है कि बस स्टैंड के पास मटके बेचने वालों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे आम लोगों और वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। कई बार यहां जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे रखे मटकों और अस्थायी दुकानों के कारण आने-जाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कुछ रहवासियों ने यह भी बताया कि रास्ते को लेकर विवाद और कहासुनी की स्थिति बनती रहती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है।

रहवासियों के अनुसार, इस संबंध में कई बार 181 पर शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है। स्थानीय नागरिकों लक्ष्मण आचार्य, अनिल राठौड़ और प्रतिभा चौहान अल्केश राठौड़ सहित अन्य लोगों ने प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में सड़क पर इस प्रकार का अतिक्रमण कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। रहवासियों ने नगर पंचायत और प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए तथा सड़क पर होने वाले कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद व्यवस्था सुधरेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.