15 दिन का आतंक खत्म… ग्राम कंदा में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ

0

जितेंद्र वर्मा जोबट 

आलीराजपुर जिले के जोबट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदा सहित आसपास के कई ग्रामीण इलाकों में पिछले करीब 15 दिनों से दहशत का माहौल बना हुआ था। जंगल और खेतों के आसपास लगातार तेंदुए की मूवमेंट देखे जाने से ग्रामीणों में भय व्याप्त था। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे और बच्चों व मवेशियों को लेकर ग्रामीण लगातार चिंता में थे। दूसरी ओर इसी क्षेत्र में एक और तेंदुआ होने की संभावना जताई जा रही है।

तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग लगातार अलर्ट मोड पर था। ग्राम कंदा, चमारबेगड़ा, बांझाबयड़ा, देहदला और हीरापुर बड़ी सहित आसपास के फॉरेस्ट एरिया में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया गया। वन विभाग की टीम द्वारा कई स्थानों पर निगरानी रखी जा रही थी तथा ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में अकेले नहीं जाने की समझाइश दी जा रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंदौर वन विभाग की स्पेशल रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर संभावित मूवमेंट वाले स्थानों पर पिंजरे लगाए और लगातार मॉनिटरिंग की।

मंगलवार देर रात वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब ग्राम कंदा क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बना भय का माहौल अब खत्म होता दिखाई दे रहा है।

वन विभाग अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि जंगल क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

पिछले 15 दिनों से फैली थी दहशत। इंदौर वन विभाग की स्पेशल टीम ने संभाला मोर्चा, देर रात पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ। ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.