छकतला में बड़ी वारदात: किसान के घर से 4 किलो चांदी और 1.50 लाख नकद चोरी

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला 

आलीराजपुर जिले के छकतला क्षेत्र स्थित ग्राम किलोड़ा (उचला फलिया) में गुरुवार रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। बदमाशों ने एक किसान के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। भीषण गर्मी के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोर पीछे के दरवाजे से बेखौफ होकर अंदर घुस गए। गांव में हुई इस पहली बड़ी चोरी की घटना ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है।

जिले के छकतला क्षेत्र के ग्राम किलोड़ा के उचला फलिया में अज्ञात बदमाशों ने कृषक सुपरसिंह वास्केल के घर को अपना निशाना बनाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर से करीब 4 किलो चांदी के आभूषण, 1.50 लाख रुपए नकद और 38 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन चुरा लिए हैं। घटना के समय पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था और उन्हें इस वारदात की भनक तक नहीं लगी।

चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए मकान के पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे का नकुचा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने इत्मीनान से घर की दो अलमारियां तोड़ीं और पूरा सामान बिखेर दिया। चोरों ने घर के अंदर रखी एक कोठी को भी निशाना बनाया। वे कोठी को घर से बाहर ले गए, उसे तोड़ा और उसमें रखे चांदी के सारे आभूषण निकाल लिए। भागते समय बदमाश कपड़े व अन्य सामान घर के बाहर ही फेंक गए।

सुपरसिंह वास्केल ने बताया कि हाल ही में उनके घर पर बारहवें का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में रिश्तेदारों और परिचितों से व्यवहार (नेग) के रूप में 1.50 लाख रुपए नकद आए थे, जिसे चोर ले उड़े। इसके अलावा, चोरी गई 4 किलो चांदी में से एक किलो चांदी उनके एक पड़ोसी की थी। पड़ोसी के घर में जल्द ही शादी होने वाली है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से उसने अपनी चांदी सुपरसिंह के पास रखने के लिए दी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, किलोड़ा गांव में चोरी की यह पहली इतनी बड़ी घटना है, जिसके कारण लोग सहमे हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित किसान की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.