मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ

आलीराजपुर जिले के आम्बुआ में जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। ग्राम पंचायत की समीक्षा बैठक के बाद सीईओ अचानक बालक एवं बालिका प्राथमिक विद्यालय पहुंच गईं। यहां मध्यान्ह भोजन में भारी लापरवाही और बच्चों का पढ़ाई में बेहद कमजोर स्तर देखकर उन्होंने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। बच्चों को जली हुई रोटियां परोसे जाने और मीनू के अनुसार सब्जी न होने पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्व-सहायता समूह पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र की अन्य शिक्षण संस्थाओं में भी दहशत का माहौल है कि अगला नंबर उनका न आ जाए।

स्कूल की बदहाली: जली रोटियां और पढ़ाई में कमजोर बच्चे

समीक्षा बैठक के बाद जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, अतिरिक्त सीईओ सिद्ध गोपाल वर्मा और जनपद सीईओ प्रिया काग ने प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। यहां स्व-सहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे मध्यान्ह भोजन की स्थिति बेहद खराब मिली। बच्चों को मीनू के विपरीत खाना दिया जा रहा था, जिसमें सब्जी नदारद थी और रोटियां जली हुई थीं।

भोजन की गुणवत्ता देखने के बाद अधिकारियों ने कक्षाओं का जायजा लिया और बच्चों से चर्चा की। बातचीत में बच्चे पढ़ाई में काफी कमजोर पाए गए। स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या कम होने के कारण सामूहिक कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। शिक्षा के इस गिरते स्तर और अव्यवस्थाओं को देखकर सीईओ गौतम ने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई।

स्वच्छता को बनाएं जन-अभियान, टैक्स का मिलेगा 10 गुना पैसा

इससे पूर्व, शासन की मंशानुसार आम्बुआ ग्राम पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वच्छता को सुदृढ़ करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीईओ संघमित्रा गौतम ने कहा कि सफाई व्यवस्था को एक जन-अभियान की तरह लेना चाहिए। इसमें जनसमुदाय और जनप्रतिनिधियों को जोड़कर उनकी जवाबदेही तय की जाए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्ध गोपाल वर्मा ने गीला-सूखा कचरा एकत्र करने और उसे ठिकाने लगाने की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरा प्रबंधन के खर्च के लिए बकाया पंचायत टैक्स की सख्ती से वसूली की जाए और यह राशि क्यूआर कोड के माध्यम से खातों में जमा कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत जितनी राशि टैक्स के रूप में जमा करेगी, शासन स्तर से उसका 10 गुना पैसा पंचायत के विकास कार्यों के लिए खातों में डाला जाएगा।

जल जीवन मिशन की शिकायत पर पीएचई को निर्देश

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पानी की सप्लाई न होने की शिकायत की, जिस पर सीईओ ने तत्काल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों को समस्या सुलझाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत में सरपंच रमेश रावत और सचिव उज्जवल चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में जनपद सीईओ प्रिया काग ने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में जिला समन्वयक संदीप भोंसले, ब्लॉक समन्वयक शिवराम मंडलोई, पंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *