शान ठाकुर, पेटलावद

नगर के प्रसिद्ध एवं प्राचीन भैरवनाथ मवेशी मेले के आयोजन को लेकर आज नगर परिषद पेटलावद में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित समस्त पार्षदगण उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पारंपरिक भैरवनाथ मवेशी मेले को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा मेले को सुव्यवस्थित, आकर्षक और भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, आयोजन की रूपरेखा एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही मेले के सफल संचालन के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद व गौतम ग्रुप के संचालक गौतम गेहलोत को मेला संयोजक चुना गया। वहीं पार्षद अनुपम भंडारी व दिनेश पडियार को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनियुक्त मेला संयोजक एवं सहसंयोजक के नेतृत्व में इस वर्ष भैरवनाथ मवेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सभी के सामूहिक प्रयासों और सहयोग से मेले को बेहतर एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर नवनियुक्त मेला संयोजक एवं पार्षद गौतम गेहलोत ने कहा कि पेटलावद का प्राचीन भैरवनाथ मवेशी मेला क्षेत्र की परंपरा और पहचान से जुड़ा हुआ है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। इस वर्ष भी मेले का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया जाएगा। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों के सहयोग से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले को सफल बनाने के लिए सभी के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले पशुपालकों, व्यापारियों एवं मेलार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परंपरागत मेले की गरिमा बनी रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से किए गए इन निर्णयों के बाद अब मेले की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। नगरवासियों में भी प्रतिवर्ष लगने वाले इस पारंपरिक मेले को लेकर उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *