शान ठाकुर, पेटलावद माही परियोजना पेटलावद अंतर्गत माही नहर से अवैध रूप से पानी लेने और नहर को क्षतिग्रस्त कर नालों एवं तालाबों में पानी पहुंचाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशानुसार माही परियोजना, जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार निरीक्षण और पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में आज ग्राम करडावद, ठीकरिया, सारंगी, मांडण, बदलीपाड़ा, भेरूपाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान नहर को क्षतिग्रस्त कर अवैध रूप से पानी लेने और अवैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से पानी का उपयोग करने संबंधी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित किसानों को समझाइश देते हुए हिदायत दी गई कि नहर को क्षतिग्रस्त कर पानी न लें और न ही अवैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नहर से पानी का व्यर्थ बहाव रोकने, सिंचाई के लिए पानी का सुचारू संचालन बनाए रखने तथा किसानों को शांतिपूर्ण ढंग से सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि माही नहर की सतत निगरानी एवं पेट्रोलिंग जारी रहेगी। नहर को नुकसान पहुंचाने, अवैध रूप से पानी लेने अथवा अवैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Post navigation छोटे से गांव से प्रदेश स्तर तक का सफर, आशीष बाविस्कर बने न्यायिक मानवाधिकार परिषद के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष