झाबुआ। जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से झाबुआ में सोमवार को शारदा समूह और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में ‘आधा गिलास पानी अभियान’ के तहत ऐतिहासिक आयोजन किया गया। केशव इंटरनेशनल स्कूल, बाड़कुआं के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक साथ जल संरक्षण की शपथ ली। इस सामूहिक आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आवश्यकता के अनुसार ही पानी लेने और इसकी बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित करना था। पवित्र नदियों के जल का संगम कर किया शुभारंभ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर सांसद अनिता नागर सिंह चौहान, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी, दाहोद विधायक कन्हैया किशोरी, शिवगंगा झाबुआ के राजाराम कटारा, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड मनीष विश्नोई, बुंदेलखंड के वाटर मैन रामबाबू तिवारी, कलेक्टर योगेश भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत देश की विभिन्न पवित्र नदियों से लाए गए जल को एक कलश में मिलाकर की गई। इसके बाद आयोजक संस्थाओं की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। शारदा समूह के ओमप्रकाश शर्मा ने अभियान की प्रस्तावना रखते हुए बताया कि समूह वर्ष 2012 से ‘आधा गिलास पानी अभियान’ चला रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पूरा गिलास पानी लेते हैं, लेकिन आधा पीकर शेष फेंक देते हैं। यदि हर व्यक्ति आवश्यकता के अनुसार ही पानी ले तो बड़ी मात्रा में स्वच्छ जल बचाया जा सकता है। इसी छोटी आदत को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। जल संरक्षण को संस्कार और शिक्षा से जोड़ने पर जोर सांसद अनिता नागर सिंह चौहान ने शारदा समूह की पहल की सराहना करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संदेश दिया था। झाबुआ की धरती से शुरू हुई यह पहल उसी विचार को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। मुख्य वक्ता डॉ. अतुल कोठारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल को जीवन का आधार और पूजनीय माना गया है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में पानी की बर्बादी गंभीर चिंता का विषय है। आधा गिलास पानी लेने जैसी छोटी आदत को घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक आयोजनों में अपनाकर बड़ी मात्रा में जल बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। विद्यार्थी इस मुहिम को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाकर जनआंदोलन का रूप दे सकते हैं। कलेक्टर योगेश भरसट ने अभियान को प्रशासन की ओर से सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट का समाधान जनभागीदारी से ही संभव है। बच्चों में बचपन से ही पानी के महत्व और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करना जरूरी है। मैदान में बनाई जल की विशाल आकृति, मंत्री ने दिलाई शपथ आयोजन का मुख्य आकर्षण केशव इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में हजारों प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई जल की बूंद की विशाल आकृति रही। प्रतिभागियों ने अनुशासित तरीके से बैठकर यह आकृति बनाई, जिसका ड्रोन और कैमरों से छायांकन किया गया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने उपस्थित विद्यार्थियों, अतिथियों और नागरिकों को सामूहिक जल संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने पानी की बर्बादी रोकने, जरूरत के अनुसार ही जल का उपयोग करने और परिवार एवं समाज को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘जल बचाएं, भविष्य बचाएं—आओ, मिलकर संकल्प लें’ का उद्घोष किया गया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ आयोजन कार्यक्रम का निरीक्षण करने के बाद गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड मनीष विश्नोई ने आयोजन के विश्व रिकॉर्ड में दर्ज होने की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही शारदा समूह के पदाधिकारियों को सम्मान और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर आयोजन स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समापन अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित शांति परमार और रमेश परमार ने अतिथियों को झाबुआ की पारंपरिक हस्तनिर्मित गुड़िया स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम के अंत में मयंक रूनवाल ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, अतिथियों, मीडिया, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। Post navigation जनजातीय गौरव दिवस पर धार को ₹1,570 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात