झाबुआ। जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की धरती झाबुआ से जल संरक्षण की एक अनूठी पहल होने जा रही है। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली शारदा समूह, झाबुआ और सामाजिक महासंघ के संयुक्त सहयोग से आगामी सोमवार, 16 नवंबर 2026 को ‘आधा गिलास पानी अभियान’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। बाडकुआँ स्थित केशव इंटरनेशनल स्कूल में सुबह 9 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थी, नागरिक और समाजसेवी एक साथ जल संरक्षण की सामूहिक शपथ लेंगे। इस विशाल आयोजन को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज कराने की तैयारी की गई है।


इस मौके पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री  निर्मला भूरिया, रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर सांसद अनिता चौहान और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव श्री अतुल जी कोठारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके साथ ही बुंदेलखंड में ‘वाटर मैन’ के नाम से पहचाने जाने वाले  रामबाबू तिवारी, शिवगंगा झाबुआ के  राजाराम कटारा, झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेन पाटीदार भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। विश्व रिकॉर्ड की प्रक्रिया को दर्ज करने के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड श्री मनीष विश्नोई भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
*क्या है ‘आधा गिलास पानी’ अभियान* ? के बारे में शारदा समूह संचालक ओम शर्मा ने बताया कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के पर्यावरण एवं जल संरक्षण के विजन से प्रेरित होकर और बिरसा मुंडा के संदेश “जल, जंगल, जमीन हमारा है, हम ही इसकी रक्षा करेंगे” को आगे बढ़ाते हुए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। अक्सर देखा जाता है कि घरों या कार्यक्रमों में पूरा गिलास पानी लेने के बाद लोग थोड़ा सा पीकर बाकी पानी फेंक देते हैं। इस अभियान का मकसद इसी बर्बादी को रोकना है। इसके जरिए बच्चों, परिवारों और समाज में यह आदत डाली जाएगी कि वे जितनी प्यास हो, उतना ही (आधा गिलास) पानी लें और जरूरत पड़ने पर दोबारा लें, ताकि एक भी बूंद व्यर्थ न जाए।
यह अभियान समूह की संस्थाओं में 2012 से चल रहा जिसे अब समाज के स्तर पर ले जाने की मुहिम है अब जनजाति बाहुल्य झाबुआ से यह संदेश देश नहीं वरन् विश्व स्तर पर जाएगा।
*अभियान के मुख्य लक्ष्य* :
• रोजमर्रा के जीवन में पानी की बर्बादी को रोकना।
• स्कूली विद्यार्थियों में बचपन से ही जल संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करना।
• परिवार और समाज के हर वर्ग को पानी के महत्व के प्रति जागरूक करना।
• आवश्यकता के अनुसार ही पानी लेने की व्यावहारिक आदत बनाना।
शारदा समूह और आयोजन समिति ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और पत्रकार साथियों से अपील की है कि वे सोमवार सुबह 9 बजे कार्यक्रम में पहुंचकर जल संरक्षण की इस मुहिम का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *