आलीराजपुर| चाँदपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही एक संदिग्ध मौत का खुलासा करते हुए हत्या की एक सुनियोजित साजिश का पर्दाफाश किया है। अवैध संबंधों के चलते मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि 12 नवम्बर 2026 की शाम लगभग 7:00 बजे थाना चाँदपुर के ग्राम मोरधी में दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। फरियादी पिन्टू पिता अबेसिंह वास्कले की रिपोर्ट पर पुलिस ने पहले इसे सड़क दुर्घटना मानते हुए धारा 281, 125(1) और 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।

परिस्थितियाँ संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय आलीराजपुर में पाँच डॉक्टरों के मेडिकल पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

घटनास्थल पर मिले मोबाइल से मिला सुराग

जांच के दौरान घटनास्थल की तलाशी में पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में यह फोन ग्राम मोरधी निवासी दशरिया पिता रेमलिया का निकला। पुलिस ने दशरिया को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं।

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दिलीप की पत्नी सेंगली के गाँव के ही रमेश पिता मोती के साथ पिछले 4-5 वर्षों से अवैध संबंध थे। दिलीप को इसकी जानकारी हो गई थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। इसी से तंग आकर सेंगली और रमेश ने दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

12 नवम्बर की शाम जब दिलीप अत्यधिक शराब के नशे में था, तो सेंगली ने फोन कर रमेश को इसकी सूचना दी। इसके बाद रमेश ने अपने साथियों महेश पिता केमता और सिलदार पिता जुरलिया के साथ मिलकर हत्या की तैयारी की। नानसिंह उर्फ नानका पिता रेमला ने आरोपियों को मौके तक पहुँचाने में मदद की।

गला घोंटने के बाद शव पर दो बार चढ़ाया ट्रैक्टर

योजना के मुताबिक, रमेश, महेश और सिलदार ने नशे की हालत में पड़े दिलीप को घर के पीछे तुअर के खेत में ले जाकर पीली रस्सी से उसका गला घोंट दिया। हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को उसकी काली स्कूटी पर रखकर चाँदपुर-साकड़ी रोड के पास पहुँचाया।

वहाँ दशरिया और नानसिंह भी ट्रैक्टर व बाइक लेकर पहुँच गए। आरोपियों ने शव और स्कूटी को सड़क किनारे लिटा दिया और दशरिया ने सबूत मिटाने व हादसे का रूप देने के लिए उन पर दो बार ट्रैक्टर आगे-पीछे कर चढ़ा दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी ट्रैक्टर छिपाकर अपने घर चले गए।

पाँच आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में हत्या (धारा 103(1)), साक्ष्य मिटाने (238), आपराधिक षड्यंत्र (61(2)) और सामूहिक कृत्य (3(5)) की धाराएं जोड़ते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

सेंगली पति दिलीप (मृतक की पत्नी)

रमेश पिता मोती (मुख्य आरोपी एवं प्रेमी)

महेश पिता केमता (सह-आरोपी)

दशरिया पिता रेमलिया (सह-आरोपी)

नानसिंह उर्फ नानका पिता रेमला (सह-आरोपी)

प्रकरण का एक अन्य आरोपी सिलदार पिता जुरलिया (निवासी ग्राम मोरधी) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी चाँदपुर उप निरीक्षक दिलीपसिंह चन्देल, सहायक उप निरीक्षक रमेश अलावा, सहायक उप निरीक्षक मधुराजसिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक हेमराज (01), गरवसिंह (45), निलेश पाल (101), धर्मेन्द्र (213) तथा आरक्षक दीपक (128), दिलीप (281) और प्रकाश (63) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *