आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार और शराब माफिया की बढ़ती गतिविधियों को लेकर कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया। उन्होंने नवागत पुलिस अधीक्षक का जिले में स्वागत करते हुए पिछले दिनों की गई कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अब बड़े शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। महेश पटेल ने कहा कि छकतला, बखतगढ़, चांदपुर, कट्ठीवाड़ा, भाबरा, सेजावाड़ा, नानपुर और आलीराजपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रतिदिन हजारों पेटियां शराब जिले से बाहर भेजे जाने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद इस पूरे कारोबार के पीछे सक्रिय बड़े लोगों और सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि कार्रवाई केवल छोटे-मोटे आरोपियों और शराब पीकर हंगामा करने वालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शराब की दुकानों के बिक्री रिकॉर्ड, सप्लाई चेन, संबंधित ठेकेदारों और फैक्ट्री संचालकों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। शराब कहां से आ रही है, किसके माध्यम से भेजी जा रही है और इस कारोबार में कौन-कौन शामिल है, इसकी पूरी जानकारी सामने लाई जाए। बखतगढ़ की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल पटेल ने बखतगढ़ में हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद एक गरीब व्यक्ति को आरोपी बनाया गया। संबंधित व्यक्ति की आर्थिक स्थिति और संपत्ति की जांच की जाए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय अवैध शराब के कारोबार के बड़े संचालकों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इच्छाशक्ति के साथ काम करे तो आलीराजपुर से गुजरात सहित अन्य क्षेत्रों में होने वाली शराब की अवैध तस्करी पर रोक लगाई जा सकती है। इसके लिए संबंधित थाना प्रभारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। महेश पटेल ने कहा कि शराब माफिया के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने में पुलिस अधीक्षक को उनका पूरा सहयोग रहेगा, लेकिन यदि बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं हुई और अवैध शराब का कारोबार इसी तरह जारी रहा तो कांग्रेस पार्टी और आम जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। Post navigation आलीराजपुर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब से भरी बोलेरो जब्त