आलीराजपुर। अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आलीराजपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी से 77 पेटी अवैध बीयर जब्त कर गुजरात के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत 12 लाख 53 हजार 176 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री समर वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 11 नवंबर 2026 की रात कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले कांच लगी एक सफेद बोलेरो (क्रमांक GJ-34-N-5394) में अवैध शराब भरकर नानपुर की ओर से लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और सिनेमा चौराहे पर स्टॉपर लगाकर सघन वाहन चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध बोलेरो आती दिखाई दी, जिसे पुलिस बल की मदद से घेराबंदी कर रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शैलेष पिता जंदुभाई राठवा (उम्र 26 वर्ष), निवासी चंदुवाट, थाना रंगपुर, जिला छोटाउदयपुर (गुजरात) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध शराब भरी मिली। चालक से शराब परिवहन और रखने के वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगे गए, जो उसके पास नहीं थे।

12.53 लाख का मश्रुका जब्त

पुलिस ने गाड़ी से ‘माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर’ केन की कुल 77 पेटियां (कुल मात्रा 924 बल्क लीटर) बरामद की हैं, जिनकी बाजार कीमत 2,53,176 रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (कीमत लगभग 10,00,000 रुपये) को भी विधिवत जब्त कर लिया गया है। जब्त कुल मश्रुका की कीमत 12,53,176 रुपये है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 531/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 46 में प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले, उपनिरीक्षक सुनील रन्दे, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह सोलंकी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण राठौर, सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण, प्रधान आरक्षक सुनील, गणपत, मुकेश, प्रदीप तथा आरक्षक हीरालाल, उमेश, गिरधारी, जुवान सिंह, अकरम, गंगाराम, जगदीश, सुरेश, राकेश, अमर सिंह, सुमित, प्रकाश अवासे, दिलीप, सेवकराम और प्रकाश का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *