दिनेश वर्मा, झाबुआ 

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित “स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26” के 10वें संस्करण अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर मध्यप्रदेश के 9 शहरों इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

विशेष उपलब्धि के रूप में “स्वच्छ शहर जोड़ी” पहल के तहत इंदौर और देपालपुर को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि स्वच्छता के प्रति मध्यप्रदेश की प्रतिबद्धता, जन-भागीदारी और निरंतर प्रयासों का गौरवपूर्ण प्रमाण है।

मुख्यमंत्री भी हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 के 10वें संस्करण अंतर्गत मध्यप्रदेश के 9 शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश के शहरों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की तथा इस उपलब्धि के लिए सभी नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों एवं नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने स्वच्छता को जन-भागीदारी, सामूहिक प्रयास और सतत प्रतिबद्धता का परिणाम बताते हुए स्वच्छ एवं सुंदर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरस्कार विजेता शहरों इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, देवास, रीवा, सागर, बुधनी एवं देपालपुर के प्रतिनिधियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया तथा सभी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से धन्यवाद करना चाहूंगा, जिनके प्रयासों से देश में स्वच्छता के विषय को एक व्यापक जन-आंदोलन के रूप में स्थापित किया गया। उन्होंने स्वच्छता को इस तरह प्रोत्साहित किया कि राज्यों और शहरों के बीच स्वच्छता के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना। इस प्रतिस्पर्धा में मध्यप्रदेश प्रारंभ से ही अग्रणी रहा है और इस बार तो प्रदेश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

हमारे प्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया है। इंदौर, जो स्वच्छता के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है, उसने ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल अंतर्गत देपालपुर के साथ मिलकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह इस बात का प्रमाण है कि स्वच्छता अब वहां के लोगों की सोच, संस्कार और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बन चुकी है। वहां के नागरिकों ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में आत्मसात कर लिया है।

इसी प्रकार, जबलपुर ने स्वच्छ शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह हमारे लिए विशेष उपलब्धि है, क्योंकि जबलपुर महाकौशल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। उज्जैन ने 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। यह भी हमारे लिए प्रसन्नता का विषय है। मुझे इस बात का विशेष संतोष है कि निर्माण कार्यों के दौरान अनेक चुनौतियों के बावजूद उज्जैन ने अपनी उत्कृष्ट स्थिति बनाए रखी और धार्मिक नगरी के रूप में स्वच्छता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।

रीवा ने रिवर फ्रंट के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, वहीं ग्वालियर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। इसी प्रकार, चंबल, विंध्य और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों के शहरों ने अपनी उपलब्धियों से मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सागर ने भी अपनी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज कराई है।

27 पुरस्कारों में से 9 पुरस्कार यदि किसी एक राज्य को प्राप्त होते हैं, तो यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। पुरस्कारों की यह संख्या ही मध्यप्रदेश की स्थिति और स्वच्छता के क्षेत्र में उसके मुकाम को बयां करती है। मध्यप्रदेश ने लगातार अपनी उपलब्धियों के माध्यम से एक आदर्श राज्य के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। बुधनी की उपलब्धि पर भी हम सभी को गर्व है।

मैं प्रदेश के सभी महापौर, सभापति, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मंत्रियों और स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह गौरवपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। जब किसी अभियान में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और समाज का प्रत्येक वर्ग सहभागी बनता है, तभी ऐसे सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। यह सफलता किसी एक व्यक्ति या संस्था के प्रयासों से नहीं, बल्कि निरंतर सामूहिक प्रयासों और मजबूत कार्यसंस्कृति से प्राप्त होती है।

हमारी भारतीय संस्कृति में आदिकाल से ही स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। हमारी मान्यता है कि जहां स्वच्छता होती है, वहीं महालक्ष्मी का वास होता है। यह हमारी प्राचीन परंपरा और जीवन-दर्शन का अभिन्न हिस्सा है।

– *डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *