जितेंद्र वर्मा, जोबट मध्यप्रदेश में आम नागरिकों को आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा संचालित की जा रही है, लेकिन आलीराजपुर जिले के जोबट में इस सेवा की जमीनी हकीकत कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जो एंबुलेंस किसी मरीज के लिए जिंदगी और मौत के बीच की आखिरी उम्मीद होती है, वही जोबट थाने के बाहर पुल पर पिछले दो से तीन दिनों से खराब हालत में खड़ी है। एंबुलेंस का इंजन खराब बताया जा रहा है। इतना ही नहीं, वाहन का पिछला दरवाजा भी रस्सी के सहारे बंधा हुआ नजर आया। मामले में जिला 108 एंबुलेंस मैनेजर अलीराजपुर कमलेश चौहान ने बताया कि एंबुलेंस का इंजन खराब होने के कारण वाहन लगभग दो से तीन दिनों से खड़ा है। मैनेजर के इस बयान के बाद अब सवाल यह है कि आखिर इतने महत्वपूर्ण आपातकालीन वाहन की मरम्मत में इतनी देरी क्यों हो रही है? सरकार से सीधे सवाल – क्या जोबट क्षेत्र के लिए पर्याप्त वैकल्पिक 108 एंबुलेंस उपलब्ध है? – दो से तीन दिनों तक एंबुलेंस खराब रहने के दौरान मरीजों को आपातकालीन सेवा कैसे मिल रही है? – खराब वाहन की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है? – क्या प्रदेश स्तर के स्वास्थ्य विभाग को इस स्थिति की जानकारी है? सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर जीवनरक्षक एंबुलेंस का कई दिनों तक खराब खड़ा रहना व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि मध्यप्रदेश शासन, स्वास्थ्य विभाग और 108 सेवा के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या एंबुलेंस जल्द दुरुस्त होगी या फिर जोबट के लोगों को आपातकालीन सेवा के लिए इंतजार करना पड़ेगा? Post navigation दो बाइकों की टक्कर से मची अफरा-तफरी, एक ही परिवार के चार लोग घायल