झाबुआ। बाल कल्याण समिति झाबुआ के संवेदनशील प्रयासों एवं तत्परता से राजस्थान निवासी एक गुमशुदा दिव्यांग बालक को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। बालक न तो बोल पाने में सक्षम था और न ही सुन सकता था, जिसके कारण उसकी पहचान एवं परिजनों तक पहुंचना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त बालक लगभग 8 दिनों से बाल कल्याण समिति झाबुआ की देखरेख एवं संरक्षण में था। समिति की अध्यक्ष प्रीति चौहान द्वारा बालक के परिजनों की तलाश के उद्देश्य से उसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। अध्यक्ष के इस प्रयास के कुछ दिनों बाद बालक के परिजनों ने सोशल मीडिया पर जानकारी देखकर समिति की अध्यक्ष से संपर्क किया। इसके पश्चात समिति अध्यक्ष द्वारा परिजनों को बाल कल्याण समिति झाबुआ में बुलाया गया। आवश्यक पूछताछ एवं समझाइश के साथ बालक की पहचान और पारिवारिक संबंधों की पुष्टि की प्रक्रिया पूर्ण की गई। समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति द्वारा बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बालक के माता-पिता से मिलन का वह क्षण अत्यंत भावुक और हृदयस्पर्शी रहा। लगभग आठ दिनों से अपने परिवार से दूर बालक को सकुशल अपने माता-पिता के पास देखकर सभी की आंखें नम हो गईं। विशेष रूप से बालक के मूक-बधिर होने के बावजूद उसके परिवार से पुनर्मिलन का यह दृश्य मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों की गहराई को दर्शाने वाला रहा। बालक के माता-पिता ने बाल कल्याण समिति झाबुआ मध्यप्रदेश की अध्यक्ष  प्रीति चौहान एवं समस्त समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके संवेदनशील सहयोग और सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर विधि सह परिवीक्षा अधिकारी  रविंद्र सिंह अहोरिया और अनिल अवास्या का सराहनीय योगदान रहा। बाल कल्याण समिति झाबुआ अध्यक्ष  प्रीति चौहान और सदस्य चंचल भंडारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, संरक्षण एवं उसके परिवार से पुनर्मिलन सुनिश्चित करना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। समिति भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ बाल हित में कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *