खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के ग्राम खरडू बड़ी के वंजिया डूंगर स्थित नवीन हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर में शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों को साइकिल एवं स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अभी पढ़ाई को प्राथमिकता देना जरूरी है। कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-मांदल की थाप के साथ मंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम खरडू बड़ी के नवीन हाई सेकेंडरी स्कूल में कुल 57 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। इनमें 30 बालक एवं 27 बालिकाएं शामिल रहीं। वहीं कक्षा 12वीं में 77 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सुशीला भूरिया को शासन की योजना के तहत स्कूटी प्रदान की गई। साइकिल एवं स्कूटी मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इसी क्रम में ग्राम मातासुला डांगी के विद्यार्थियों को जिसमें कक्षा छठी के 26 एवं कक्षा नौवीं के 24 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। *मंत्री ने विद्यार्थियों को दिया पढ़ाई का संदेश* विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि आप सभी बच्चों के बीच आकर उन्हें बहुत अच्छा लगता है। जब हम पढ़ाई करते थे, उस समय के विद्यालय और आज आप जिस विद्यालय में पढ़ रहे हैं, उनमें काफी अंतर है। आज शिक्षा के लिए सरकार द्वारा अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हमारी सरकार हमेशा विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। मंत्री ने बच्चों को विशेष रूप से मोबाइल और सोशल मीडिया की लत से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि आजकल बच्चों के हाथों में मोबाइल आ जाता है और वे रील देखने में अपना काफी समय बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि रील देखना, बाइक चलाना और कार चलाना तो आप जीवनभर कर सकते हैं, लेकिन विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई करने का जो समय है, उसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी अभी केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दीजिए और मेहनत करके अपना भविष्य संवारिए। अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आप आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस अधिकारी, शिक्षक सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन कर सकते हैं। सरकार की ओर से भी आगे की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। यदि आप मेहनत और लगन से पढ़ाई करेंगे तो कॉलेज और डॉक्टर बनने जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त करने में भी सरकार आपकी मदद करेगी। *मातासुला डांगी स्कूल के विकास के लिए दिया आश्वासन* मंत्री भूरिया ने ग्राम मातासुला डांगी के विद्यालय की आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 202 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की सुविधा एवं विद्यालय के बेहतर संचालन को देखते हुए सभा कक्ष, मिनी गार्डन, कला कक्ष, कॉमन कक्ष एवं सोलर पैनल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे आगे बढ़कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन कर सकें। *कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं विद्यालय स्टाफ रहा उपस्थित* कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया के साथ भाजपा जिला पंचायत सदस्य वालसिंग मसानिया, पारा मंडल अध्यक्ष राजेश पारगी, पारा मंडल उपाध्यक्ष प्रेमसिंग डामोर, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष दिलीप डावर, इंदुबाला डामोर, मानसिंग डामोर, सुनील भूरिया, शंकर भूरिया, ग्राम पंचायत सरपंच रमेश डामोर, कमता डामोर, भूरा डामोर, रामा बीईओ एवं बीआरसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश टांक द्वारा किया गया तथा अंत में शंकर राठौड़ ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य नीलम मांगरिया, जनशिक्षक कन्हैयालाल बामनिया, अविनाश खरे, जागृति गहलोत, गायत्री, सुहाना शेख सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं मातासुला डांगी विद्यालय के प्राचार्य रमन बामनिया, महेश परमार, टिंकूसिंह महोनिया, छोटूसिंह डुडवे, वरसिंग माहोनिया सहित अन्य स्टाफगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। Post navigation खरडू बड़ी में उल्लास के साथ मनाया गया गाय गोहरी पर्व, गोवर्धन पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना