इरशाद खान, बरझर श्रावण मास के पावन अवसर पर बरझर के सरपंच हिमसिंह बारिया के नेतृत्व में 451 श्रद्धालु झाबुआ जिले के देवझिरी कुंड से पवित्र जल लेने के लिए बस व अन्य वाहनों से रवाना हुए। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ सभी श्रद्धालु देवझिरी पहुंचे और वहां कुंड से लोटों में पवित्र जल भरा। जल भरने के पश्चात सभी यात्री वाहनों से वापस लौटे और बरझर से 5 किलोमीटर दूर बड़गांव में उतरे। बड़गांव पहुंचने पर पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, मनीष शुक्ला और अजय जायसवाल ने सभी कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। यहां से सभी कांवड़ यात्री पैदल यात्रा करते हुए बरझर पहुंचे। कांवड़ यात्रियों ने सबसे पहले महेन्द्रा सड़क मार्ग स्थित बड़केश्वर मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद वे बरझर कस्बे के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां शिव के नारों के साथ भगवान भोलेनाथ को पवित्र जल अर्पित किया गया। अंत में सभी श्रद्धालु मंडोर सड़क मार्ग स्थित वनेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां भी जलाभिषेक किया। दर्शन और जलार्पण के बाद मंदिर में महाआरती संपन्न हुई और सभी को प्रसादी का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सरपंच हिमसिंह बारिया, शांतिलाल प्रजापत, योगेश शाहू, प्रकाश राठौड़, गोवर्धन राठौड़, धन्नालाल प्रजापत, सोहन शाहू, सुरेश पांचाल, प्रकाश प्रजापत और कालिया भाई के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी कांवड़ यात्रा में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुईं। Post navigation बरझर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा कस्बा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बरझर में शिविर का आयोजन होगा